बिना शासकीय अनुमति मेडिकल कैंप की तैयारी कर रहे चार लोगों पर कार्रवाई, 7.18 लाख की दवाइयां व सामग्री जब्त

Darshan Balod
0

 





बालोद। ग्राम कोरगुड़ा में बिना वैध शासकीय अनुमति मेडिकल कैंप लगाने की तैयारी कर रहे चार व्यक्तियों के खिलाफ बालोद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से वाहन सहित बड़ी मात्रा में दवाइयां, हेल्थ एवं सप्लीमेंट्री प्रोडक्ट तथा मेडिकल कैंप में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है। पंचनामा के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7 लाख 18 हजार 597 रुपये बताई गई है। मामले में थाना बालोद पुलिस द्वारा धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।

ग्राम पंचायत भवन में मेडिकल कैंप लगाने की थी तैयारी

पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 को थाना बालोद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोरगुड़ा के पंचायत भवन में चार व्यक्ति वाहन क्रमांक CG 07 AQ 7352 से पहुंचे हैं और मेडिकल कैंप लगाने के नाम पर बड़ी मात्रा में दवाइयां एवं सप्लीमेंट्री प्रोडक्ट लाकर ग्रामीणों को उपचार के लिए एकत्रित कर रहे हैं।

सूचना मिलने पर थाना बालोद से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां वाहन के साथ चार व्यक्ति मिले, जो मेडिकल कैंप लगाने की तैयारी करते पाए गए। पुलिस ने उनसे मेडिकल कैंप लगाने संबंधी शासकीय अनुमति एवं वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन मौके पर कोई वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी देने के बाद निर्देशानुसार चारों व्यक्तियों को वाहन एवं बरामद सामग्री सहित थाना बालोद लाया गया। इसके बाद नियमानुसार पंचनामा तैयार कर सामग्री को जब्ती में लिया गया।

इन चार व्यक्तियों पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जद में आए व्यक्तियों में राजेश कुमार कोठारी (40), निवासी ग्राम हरंडडा, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, टी. वेंकटेश राव (47), निवासी हुडको भिलाई, थाना सेक्टर-06 भिलाई, सुरेन्द्र पटेल (29), निवासी ग्राम सिंगारपुर, जिला कबीरधाम तथा मोहित कुमार रक्सेल (38), निवासी करगाडीह, उतई, जिला दुर्ग शामिल हैं।

दवाइयों और हेल्थ प्रोडक्ट की लंबी सूची बरामद

पुलिस ने वाहन से RETROS कंपनी की विभिन्न दवाइयां एवं हेल्थ/सप्लीमेंट्री प्रोडक्ट बड़ी संख्या में बरामद किए। इनमें Memory Granue, Lady Care Tablet, Uric Acid Control Capsule, RETROS Renzova Capsule, Kidney Care Tablet, Piles Care Tablet, Men's Charge Capsule, Thyroid Care, Flax Seed Softgel, Bone Health Care Tablet, Multivitamin Tablet, Ortho Care, Women's Healthcare, Liver Care, Omega Capsule, Easy Slim 3 in 1 Powder, Heart CRE Powder, Detox Power Juice, Amrit Boost Juice, Castro Gen Syrup, Diabo Care Tablet, BP-Care Tablet, AYUR Nutri More Energy Booster Powder, Ortho Gen Relax Pain Relief Oil, Fat Cleaner, B-Safe Syrup Blood Purifier, Nili Bringadi Thail, CMD, EZY Leaf Green Tea, Suvarna Prashan एवं A Blend of Herbs सहित अन्य सामग्री शामिल है।

इसके अलावा वाहन क्रमांक CG 07 AQ 7352, वायर, बिजली का बोर्ड, पुराना Canon प्रिंटर, लैपटॉप, Quantum Resonance Magnetic Analyzer मशीन, वेट मशीन सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई।

7.18 लाख रुपये की सामग्री जब्त

पुलिस द्वारा तैयार पंचनामा के अनुसार वाहन, दवाइयों, हेल्थ एवं सप्लीमेंट्री प्रोडक्ट तथा अन्य सामान सहित कुल करीब ₹7,18,597 की सामग्री चारों व्यक्तियों के कब्जे से गवाहों के समक्ष जब्त की गई है।

मामले में मेडिकल कैंप लगाने की वैध अनुमति एवं संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। थाना बालोद पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा मेडिकल कैंप, उपचार अथवा दवाई वितरण के नाम पर गतिविधि संचालित किए जाने पर उसकी वैधता एवं संबंधित विभाग की अनुमति की जानकारी अवश्य लें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

बालोद पुलिस ने कहा है— आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top