आत्मानंद स्कूल में प्रार्थना सभा से लेकर कक्षा 3री के पठन स्तर तक की जांच; बोर्ड परिणाम सुधारने, दिसंबर तक पाठ्यक्रम पूरा करने और 25 तक पहाड़ा याद कराने का लक्ष्य
बालोद। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) राजेश कुमार पिस्दा ने शनिवार को संकुल लाटाबोड़ के अंतर्गत विभिन्न शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धि, पठन स्तर और आगामी परीक्षाओं की तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी विषयगत कठिनाइयों की जानकारी ली तथा शिक्षकों को शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम बेहतर करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
प्रार्थना सभा में शामिल हुए BEO, अनुशासन पर दिया जोर
आकस्मिक निरीक्षण की शुरुआत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लाटाबोड़ से हुई। BEO राजेश कुमार पिस्दा सुबह की प्रार्थना सभा में शामिल हुए। उन्होंने प्राचार्य, शिक्षकों, स्टाफ और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बच्चे निर्धारित शाला समय के अनुसार विद्यालय पहुंचें और अनुशासन का पालन करें। उन्होंने दोनों समय स्पीकर के माध्यम से प्रार्थना कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय का संचालन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार होता पाया गया। शाला परिसर की साफ-सफाई भी संतोषजनक मिली।
बोर्ड परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने बनाई जाएगी रणनीति
इसके बाद BEO ने विद्यालय के समस्त स्टाफ की बैठक ली। बैठक में बोर्ड परीक्षा परिणाम, परीक्षा की रणनीति, विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान और विद्यालय के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को मेरिट में स्थान दिलाने की दिशा में कार्ययोजना बनाने पर चर्चा हुई।
उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की विषयवार कमजोरियों को पहचानकर समय रहते उनका समाधान करने तथा लक्ष्य निर्धारित कर परिणाम सुधारने पर जोर दिया।
कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद
कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से BEO ने तिमाही परीक्षा में प्राप्त अंकों की जानकारी ली। सभी विषयों में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया तथा प्रत्येक विषय में विद्यार्थियों के डाउट क्लियर करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से यह भी पूछा कि उन्हें कौन-सा विषय अधिक कठिन लगता है। विद्यार्थियों ने सामाजिक विज्ञान को कठिन विषय बताया।
उन्होंने संस्कृत विषय का कालखंड भी लिया और विद्यार्थियों की समझ का जायजा लिया।
कक्षा 12वीं में भी उन्होंने तिमाही परीक्षा परिणाम की जानकारी ली और आगामी छमाही परीक्षा में बेहतर परिणाम लाने के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। छमाही आकलन में विद्यार्थियों के ग्रेड में सुधार लाने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए।
अंग्रेजी कक्षा में पहुंचे, विद्यार्थियों को डाउट पूछने के लिए किया प्रेरित
निरीक्षण के दौरान प्राचार्य एफ.आर. कोसरिया के नेतृत्व में व्याख्याता सी.एल. सिन्हा कक्षा 12वीं में अंग्रेजी विषय की कक्षा ले रहे थे। बताया गया कि तिमाही परीक्षा में उनके विषय में लगभग सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
BEO ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी विषय में कठिनाई या डाउट हो तो उसे पूछने में संकोच न करें। उन्होंने शिक्षकों को भी विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं सामने रखने के लिए पर्याप्त अवसर देने की बात कही।
कक्षा 8वीं में पूछा पहाड़ा, दिसंबर तक पाठ्यक्रम पूरा करने के निर्देश
कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों से पहाड़ा पूछा गया। BEO ने सभी विद्यार्थियों को 25 तक पहाड़ा याद करने का लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दिसंबर तक पाठ्यक्रम पूरा करने तथा छमाही परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन पर जोर दिया।
मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। विद्यार्थियों ने भोजन अच्छा मिलने की जानकारी दी। इस दौरान मध्यान्ह भोजन संचालक एवं रसोइयों के वेतन से संबंधित जानकारी भी ली गई।
कक्षा 3री में परखा पठन और पहाड़ा स्तर
BEO राजेश कुमार पिस्दा ने कक्षा 3री के विद्यार्थियों का पठन स्तर और पहाड़ा स्तर भी परखा। उन्होंने बच्चों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं को मजबूत करने के लिए नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए।
संकुल केंद्र खपरी में बैठक, प्रतिभागी विद्यार्थियों का किया सम्मान
निरीक्षण के दौरान संकुल केंद्र खपरी में संकुल बैठक भी आयोजित की गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को BEO राजेश कुमार पिस्दा ने प्रशस्ति पत्र और कॉपी देकर प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर सीएसी खपरी हिलेश्वर देवांगन ने आभार व्यक्त किया।
आकस्मिक निरीक्षण के दौरान संकुल लाटाबोड़ के सीएसी लोमस कुमार साहू, सीएसी देवार भाट लाल रघुवीर सिंह ठाकुर सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित मिले।
BEO के इस आकस्मिक निरीक्षण में विद्यालय संचालन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि, परीक्षा परिणाम, पठन-पाठन, अनुशासन और बुनियादी दक्षताओं को लेकर विशेष रूप से जायजा लिया गया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए विद्यालयों को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ाना रहा।






