एसिड अटैक के आरोपियों के जुलूस से लेकर कोर्ट तक गूंजा ‘फांसी दो’ का नारा

Darshan Balod
0

 





बालोद में उमड़ा जनाक्रोश, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों से लेकर युवा नेताओं तक ने जताया आक्रोश; भारी सुरक्षा के बीच दोनों आरोपी जेल भेजे गए

बालोद। शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रेस वार्ता में घटना का खुलासा किए जाने के बाद मंगलवार को बालोद में जनाक्रोश खुलकर सामने आया। आरोपियों को पुलिस द्वारा शहर में जुलूस के रूप में न्यायालय ले जाए जाने के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े युवा कार्यकर्ता और आम नागरिक भी आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग करते नजर आए।



पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों का मुंडन कराए जाने के बाद उन्हें सुरक्षा घेरे में न्यायालय की ओर ले जाया गया। जैसे-जैसे जुलूस आगे बढ़ा, लोगों की भीड़ बढ़ती गई। पूरे रास्ते ‘बेटी को इंसाफ चाहिए’ और ‘आरोपियों को फांसी दो’ जैसे नारे गूंजते रहे। कई स्थानों पर लोगों ने आरोपियों के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।



न्यायालय परिसर पहुंचने के बाद भी लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ। कुछ छात्राएं कोर्ट के गेट तक पहुंचकर आरोपियों को फांसी देने की मांग करते हुए नारेबाजी करती रहीं। पुलिस प्रशासन लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास करता रहा। भीड़ में आक्रोश इस कदर था कि कुछ लोगों ने आरोपियों पर स्याही फेंकी, जबकि कुछ लोगों ने जूते-चप्पल भी फेंके। कई लोग आरोपियों को घेरकर विरोध करने के लिए आगे बढ़ते नजर आए।

इस दौरान बालोद पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हेलमेट पहनाकर सुरक्षा घेरे में पुलिस वाहन तक पहुंचाया और उन्हें बालोद जिला जेल भेज दिया। पुलिस की ओर से लगातार भीड़ को नियंत्रित करते हुए आरोपियों को सुरक्षित न्यायिक प्रक्रिया तक पहुंचाया गया।

मामले को लेकर बालोद अधिवक्ता संघ की ओर से भी आरोपियों की ओर से पैरवी नहीं करने का निर्णय लिए जाने की जानकारी सामने आई। न्यायालय परिसर के बाहर मौजूद लोगों में इस निर्णय को लेकर भी चर्चा रही।

एसिड अटैक की घटना के बाद पहली बार बालोद शहर में इस तरह का व्यापक जनआक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को दिनभर शहर में घटना को लेकर चर्चा और विरोध का माहौल बना रहा। शाम तक विभिन्न स्थानों पर लोग घटना की निंदा करते और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग करते नजर आए।

पुलिस के अनुसार, युवती पर एसिड फेंकने की साजिश कथित रूप से उसके प्रेमी यश कुमार सोनकर ने अपने साथी करण कुंजाम के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त एसिड तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है।

बालोद में मंगलवार को सामने आया यह जनाक्रोश इस बात का संकेत रहा कि घटना ने शहरवासियों को गहरे स्तर पर झकझोर दिया है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन के सामने चुनौती यह भी रही कि आक्रोश के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए आरोपियों को सुरक्षित न्यायिक प्रक्रिया तक पहुंचाया जाए।



ये हैं दोनों आरोपी

1. यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नंबर 11, ग्राम नेवारीकला, जिला बालोद।

2. करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें बालोद जिला जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top