गुब्बारा फोड़ और कबड्डी प्रतियोगिता में बच्चों ने लिया उत्साह से हिस्सा; विजेताओं को मेडल और कप देकर किया गया सम्मानित
डौण्डीलोहारा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं 31 अक्टूबर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में थाना मंगचुवा द्वारा विशेष खेल आयोजन किया गया। 29 अक्टूबर 2026 को स्कूल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास के बच्चों के लिए गुब्बारा फोड़ और कबड्डी प्रतियोगिता रखी गई।
खेल के जरिए दिया एकता और भाईचारे का संदेश
राष्ट्रीय एकता दिवस के संदेश एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिताओं में छात्रावास के बच्चों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। कबड्डी के मैदान में बच्चों ने टीम भावना, आपसी तालमेल और खेल भावना का परिचय दिया। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया और आयोजन की सराहना की।
विजेताओं को मेडल और कप देकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को थाना मंगचुवा की ओर से मेडल और विजेता कप प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ राष्ट्रीय एकता, आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा।
पुलिस स्टाफ और ग्रामीणों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में थाना प्रभारी संजय दिव्या, प्रधान आरक्षक यज्ञ दत्त ठाकुर, देवेंद्र भुआर्य, अजय साहू सहित थाना मंगचुवा के सभी स्टाफ उपस्थित रहे। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
रिपोर्ट: नेमन साहू, रेंगाडबरी




