पांच देवियों के सजीव स्वरूपों के जरिए दिया जा रहा आध्यात्मिक संदेश, राजयोग मेडिटेशन से मन के विकारों पर विजय पाने की दी जा रही सीख
बालोद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के आत्मज्ञान भवन, आमापारा बालोद में आयोजित चैतन्य देवियों की झांकी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। झांकी के चौथे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी पहुंचे तथा पांच देवियों के सजीव स्वरूपों के माध्यम से शिवशक्ति के आध्यात्मिक रहस्य को जाना। खास बात यह है कि झांकी का आज अंतिम दिन है। ऐसे में नगरवासियों और श्रद्धालुओं के पास इस आध्यात्मिक आयोजन का अवलोकन करने का अंतिम अवसर है।
पूर्णिमा दीदी और व्यापारी संघ के सदस्यों ने किया उद्घाटन
झांकी का उद्घाटन दल्लीराजहरा सेवाकेंद्र की संचालिका बीके पूर्णिमा दीदी एवं बालोद व्यापारी संघ के सदस्यों ने किया। इस अवसर पर प्रमोद गोलछा, पुखराज जैन, शांतिलाल जैन, राजेश सोनी, बीके विजयलक्ष्मी दीदी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने झांकी का अवलोकन किया और इसके आध्यात्मिक संदेशों की जानकारी प्राप्त की।
परमात्मा शिव से शक्ति प्राप्त कर पूजनीय बनीं देवियां
बीके पूर्णिमा दीदी ने झांकी का आध्यात्मिक रहस्य समझाते हुए कहा कि देवियों को शिवशक्ति कहा जाता है, क्योंकि वे परमात्मा शिव से शक्ति प्राप्त कर मानव कल्याण के कार्यों में निमित्त बनीं। परमात्मा शिव निराकार हैं और ज्ञान, शक्ति तथा पवित्रता प्रदान कर मातृशक्ति के माध्यम से दिव्य कार्य कराते हैं। इसी आध्यात्मिक भाव के कारण देवियों को शिवशक्ति के रूप में स्मरण किया जाता है।
उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं की पूजा करने के साथ उनके दिव्य गुणों को जीवन में धारण करना भी जरूरी है। मां दुर्गा शक्ति और निर्भयता, मां लक्ष्मी सुख-समृद्धि, मां सरस्वती ज्ञान एवं विवेक, मां काली विकारों पर विजय तथा मां उमा पवित्रता और तपस्या की प्रेरणा देती हैं। इन गुणों को अपनाकर व्यक्ति अपने विचारों, व्यवहार और संस्कारों को श्रेष्ठ बना सकता है।
राजयोग से मन को शांत करने और विकारों पर विजय पाने का संदेश
बीके पूर्णिमा दीदी ने कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य को बाहरी चुनौतियों के साथ अपने मन के विकारों, जैसे क्रोध, अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष पर भी विजय पाने की आवश्यकता है। राजयोग मेडिटेशन के नियमित अभ्यास से मन को एकाग्र एवं शांत बनाकर परमात्मा से शक्ति प्राप्त की जा सकती है। जीवन में शांति, प्रेम, पवित्रता और सद्भावना जैसे गुणों को अपनाना ही देवी आराधना के उद्देश्य को सार्थक बनाता है।
प्रकाश और ध्वनि के समायोजन से सजीव हुई आध्यात्मिक प्रस्तुति
चैतन्य झांकी में पांचों देवियों के सजीव स्वरूपों के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग का संदेश प्रस्तुत किया जा रहा है। ध्वनि एवं प्रकाश के सुंदर संयोजन से सुसज्जित यह झांकी दर्शकों को आकर्षित करने के साथ आत्मचिंतन और सकारात्मक जीवन परिवर्तन की प्रेरणा भी दे रही है।
आज अंतिम दिन, शाम 6:30 से रात 10 बजे तक दर्शन
ब्रह्माकुमारीज की ओर से नगरवासियों और श्रद्धालुओं से झांकी का अवलोकन करने की अपील की गई है। आयोजन का समय प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित है। आज अंतिम दिन होने के कारण इच्छुक श्रद्धालु इस आध्यात्मिक झांकी का दर्शन कर शिवशक्ति के संदेश को जान सकते हैं।


