पढ़ाई के साथ भक्ति और संगीत की शिक्षा, मनौद प्राथमिक शाला के बच्चे वाद्य यंत्रों के साथ करते हैं मंत्रोच्चार

Darshan Balod
0

 







कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थी करते हैं दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, शांति पाठ और गुरु वंदना; प्रतिदिन वाद्य यंत्रों के साथ होता है राष्ट्रगान

मनौद, बालोद। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है। इसी सोच को साकार करते हुए बालोद विकासखंड के ग्राम मनौद स्थित प्राथमिक शाला में पढ़ाई के साथ-साथ भक्ति, संगीत और संस्कारों की शिक्षा भी दी जा रही है। विद्यालय की खास बात यह है कि यहां कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चे संगीत के साथ दीप मंत्र, सरस्वती मंत्र, शांति पाठ और गुरु वंदना प्रस्तुत करते हैं। इसके साथ ही प्रतिदिन वाद्य यंत्रों के साथ राष्ट्रगान भी कराया जाता है।

संगीत के साथ संस्कारों की शिक्षा

विद्यालय के प्रधान पाठक संतोष कुमार साहू और सहायक शिक्षिका श्रीमती माहेश्वरी यादव बच्चों को पढ़ाई के साथ भक्ति और संगीत से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। विद्यालय के स्टाफ सदस्य रामानंद देवांगन भी इस शैक्षणिक वातावरण का हिस्सा हैं। बच्चों को नियमित अभ्यास के माध्यम से मंत्रोच्चार और सामूहिक प्रस्तुतियों के लिए तैयार किया जाता है। इससे उनमें आत्मविश्वास, एकाग्रता और सामूहिकता की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

मंदिरों में दी प्रस्तुति, पुजारी ने किया सम्मान

विद्यालय के बच्चों ने शीतला माता मंदिर और दुर्गा मंदिर में भी अपनी प्रस्तुति दी। बच्चों के अनुशासित प्रदर्शन और भक्ति भाव से प्रभावित होकर मंदिर की पुजारी ने उन्हें श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। यह सम्मान बच्चों के लिए प्रोत्साहन का अवसर बना।

निरंतर अभ्यास से बच्चों ने जीता सभी का मन

बताया गया कि बच्चों की इस प्रस्तुति के लिए लगातार अभ्यस कराया गया। शुरुआत में बच्चों को तैयार करने के लिए मेहनत करनी पड़ी, लेकिन नियमित अभ्यास और शिक्षकों के मार्गदर्शन से उन्होंने मंत्रों और संगीत की प्रस्तुति में अच्छी तैयारी की। विद्यालय की यह पहल बताती है कि उचित मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों में भी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित की जा सकती है।

मनौद प्राथमिक शाला में शिक्षा के साथ संस्कार, संगीत और अनुशासन को जोड़ने का यह प्रयास बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सराहनीय पहल है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top