शहीद अस्पताल के सामने और चिखलाकसा रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई कार्रवाई; तीनों के कब्जे से ₹2,582 नगद, सट्टा-पट्टी की पर्चियां और डॉट पेन जब्त
दल्ली राजहरा, बालोद। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दल्ली राजहरा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को सट्टा-पट्टी लिखने के आरोप में पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2,582 रुपये नगद, तीन सट्टा-पट्टी पर्चियां और तीन डॉट पेन जब्त किए हैं। तीनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
शहीद अस्पताल के सामने पहली कार्रवाई, 882 रुपये जब्त
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को टाउन पेट्रोलिंग और अपराधों की पतासाजी के दौरान माइंस रोड स्थित शहीद अस्पताल, दल्ली राजहरा के सामने कार्रवाई की गई। यहां कथित रूप से सट्टा-पट्टी लिखते हुए कमल रामटेके (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामेश्वर रामटेके, निवासी वार्ड क्रमांक 19, राजहरा को पकड़ा गया।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक लाइनिंग कागज पर लिखी सट्टा-पट्टी की पर्ची, 882 रुपये नगद और एक डॉट पेन जब्त किया।
चिखलाकसा रेलवे क्रॉसिंग के पास दो आरोपी पकड़े गए
इसी दिन पुलिस ने चिखलाकसा रेलवे क्रॉसिंग के पास कार्रवाई करते हुए दो अन्य व्यक्तियों को पकड़ा। इनमें राजाराम आरदे (62 वर्ष), पिता दुकालु राम, निवासी ग्राम कारूटोला, थाना राजहरा के कब्जे से सट्टा-पट्टी की एक पर्ची, 500 रुपये नगद और एक डॉट पेन जब्त किया गया।
वहीं, इसी स्थान पर केशव राम मंडावी (35 वर्ष), पिता रामजी मंडावी, निवासी ग्राम कारूटोला, थाना राजहरा को भी कथित रूप से सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक पर्ची, 1,200 रुपये नगद और एक डॉट पेन बरामद किया गया।
तीनों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों से कुल 2,582 रुपये नगद के साथ सट्टा-पट्टी की तीन पर्चियां और तीन डॉट पेन जब्त किए गए हैं। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन में की गई।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
दल्ली राजहरा पुलिस ने नागरिकों से अवैध जुआ-सट्टा, अवैध शराब बिक्री तथा मादक पदार्थों के गैरकानूनी कारोबार से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर नागरिक संबंधित पुलिस थाने को सूचित करें, ताकि अपराधों की रोकथाम में सहयोग मिल सके।
थाना दल्ली राजहरा, जिला बालोद। संपर्क: 9479192058।

