बालोद समेत प्रदेश के 15 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण, हस्तकला को स्कूली शिक्षा से जोड़ने के सीखे नए तरीके
बालोद। संस्कृति केवल किताबों में पढ़ने की चीज नहीं, बल्कि इसे सीखा, साझा और व्यवहार में उतारा जाता है। संस्कृति प्रतीकात्मक, एकीकृत, गतिशील और परिवर्तनशील होती है। इसी सोच को विद्यालयी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से राजस्थान के उदयपुर स्थित सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (सीसीआरटी) के पश्चिमी क्षेत्रीय केंद्र में “विद्यालयी शिक्षा में हस्तकला कौशल के समावेश” विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में देश के 13 राज्यों के 95 शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ छत्तीसगढ़ के 15 शिक्षकों ने भी सहभागिता की।
भारतीय ज्ञान परंपरा और नई शिक्षा नीति से जोड़ा हस्तकला का प्रशिक्षण
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अधीन स्थापित सीसीआरटी का उद्देश्य बच्चों को सात्विक शिक्षा प्रदान कर उनके भावनात्मक एवं आध्यात्मिक विकास को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य के तहत आयोजित 10 दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में भारतीय ज्ञान परंपरा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप संस्कृति एवं हस्तकला को शिक्षा प्रणाली में अंतर्निहित और एकीकृत करने पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में प्राकृतिक अवशेषों से खिलौने एवं कलाकृतियां बनाना, मिट्टी के बर्तन एवं कलाकृति तैयार करना, कपड़े की बंधेज अथवा बांधनी, अनगढ़ पत्थर से शिल्पकारी तथा मांडना चित्रकला जैसी पारंपरिक कारीगरी का प्रतिभागियों ने प्रयोगात्मक प्रशिक्षण लिया।
बालोद से ईश्वरी सिन्हा और गोविंद नागवंशी सहित छत्तीसगढ़ के 15 शिक्षक शामिल
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ से बालोद जिले के ईश्वरी कुमार सिन्हा एवं गोविंद सिंह नागवंशी, बलौदाबाजार से गौसिया परवीन, बेमेतरा से प्रतीक सिंह, दंतेवाड़ा से कीर्ति साहू, दुर्ग से स्मृति दुबे, धमतरी से प्रमोद कुमार धुर्वे, नेमलाल गंगेले, कुमारी साहू, स्कन्ध शेष एवं कविता साहू, खैरागढ़ से राजेश्वरी पटेल, महासमुन्द से गुणसागर प्रधान, मनेन्द्रगढ़ से सूर्योदय सिंह तथा रायपुर से अनीता ठाकुर ने सहभागिता की।
देशभर के आंध्रप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित 13 राज्यों के 95 शिक्षकों ने 10 दिनों तक विभिन्न क्षेत्रीय संस्कृतियों की बहुलता को समझने और उसे शिक्षा प्रणाली में प्रभावी ढंग से शामिल करने का अध्ययन किया।
कक्षा से लेकर संग्रहालय और शिल्पग्राम तक मिला प्रत्यक्ष अनुभव
कार्यशाला केवल सैद्धांतिक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रही। इसमें संस्कृति का शिक्षा में समावेश क्यों आवश्यक है, एनईपी और धरोहर शिक्षा, भारतीय शिल्प में सौंदर्य-बोध, खेल आधारित शिक्षण, कक्षा में संस्कृति तत्व का जुड़ाव, भारतीय ज्ञान परंपरा में वसुधैव कुटुम्बकम्, बुनियादी शिक्षा तथा स्कूली पाठ्यक्रम में शिल्प को शामिल करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता में संगीत एवं प्रतीकों के महत्व, कंप्यूटर में वॉइस टाइपिंग, विद्यालय में सांस्कृतिक क्लब एवं सिद्धि समारोह जैसे विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षणार्थियों ने सहेलियों की बाड़ी, भारतीय लोक कला मंडल संग्रहालय, कठपुतली नृत्य, भारतीय मानवविज्ञान सर्वेक्षण पश्चिमी क्षेत्रीय केंद्र एवं शिल्पग्राम का प्रत्यक्ष अवलोकन भी किया।
इन गतिविधियों ने शिक्षकों को अपनी कक्षाओं में स्थानीय कला, संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान को विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया से जोड़ने के लिए आत्मचिंतन का अवसर दिया।
प्रशिक्षण से मिली सीख को विद्यार्थियों और समुदाय तक पहुंचाने का संकल्प
राष्ट्रीय कार्यशाला में शामिल छत्तीसगढ़ के शिक्षकों ने इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण एवं अनुभव के लिए भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय, सीसीआरटी उदयपुर और आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला की सफलता और उत्कृष्ट समन्वय के लिए सीसीआरटी उदयपुर के क्षेत्रीय अधिकारी अभीक सरकार, प्रशिक्षण समन्वयक हितेश पानीरी तथा विशेषज्ञ डॉ. एमपी शर्मा, प्रो. प्रेम भंडारी, सुनील भंडारी, डॉ. डॉली मोगरा, निलांजन खटुआ, डॉ. गुंजन शर्मा, गिरिराज पालीवाल सहित समस्त सहयोगी कर्मचारियों का आभार जताया गया।
छत्तीसगढ़ दल ने राज्य शासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के साथ किरण कौशल (आयुक्त, राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा), दिनेश कौशिक (उप संचालक), मंजूलता साहू (सहायक संचालक), राखी सिन्हा (सहायक कार्यक्रम समन्वयक), डीईओ, डीएमसी, बीईओ, बीआरसीसी एवं संस्था प्रमुखों के कुशल मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन के लिए भी धन्यवाद दिया।
प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों ने संकल्प लिया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप भारतीय ज्ञान परंपरा, कला, शिल्प एवं संस्कृति से प्राप्त अनुभवों को अपने कार्यक्षेत्र में विद्यार्थियों और समुदाय के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर बेहतर ढंग से क्रियान्वित करेंगे।






