साइबर ठगी से बचाने निकले कलाकार, नुक्कड़ नाटक से 100 परिवारों को किया जागरूक

Darshan Balod
0

 



रीड यूथ सोसाइटी और पुलिस प्रशासन की संयुक्त पहल; OTP, APK, व्हाट्सऐप हैकिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव का दिया संदेश

राजनांदगांव। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच लोगों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से जागरूक करने के लिए रीड यूथ सोसाइटी एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त पहल की। 17 अक्टूबर 2026 को मां पाताल भैरवी मंदिर प्रांगण में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से करीब 100 परिवारों को साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी गई।

नाटक में दिखाए साइबर ठगी के बदलते तरीके

नुक्कड़ नाटक के जरिए कलाकारों ने OTP धोखाधड़ी, APK फाइल के माध्यम से मोबाइल हैकिंग, व्हाट्सऐप हैकिंग, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को समझाया गया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों का विश्वास जीतकर उनकी गोपनीय जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं।

कलाकारों ने नागरिकों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड नहीं करने तथा OTP और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।

सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश

कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों से अवगत कराने के साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना था। नुक्कड़ नाटक जैसे सहज माध्यम के जरिए आम लोगों तक साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई गई।

आयोजकों ने लोगों से किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या ठगी के प्रयास के प्रति सतर्क रहने और समय रहते इसकी जानकारी संबंधित एजेंसियों को देने की अपील की।

सोसाइटी के 15 कर्मयोद्धाओं ने निभाई सक्रिय भूमिका

कार्यक्रम में रीड यूथ सोसाइटी के अध्यक्ष तोरण पटेल, लेखाधिकारी योगिता कुंबले, कनिष्का पटेल, तकनीकी अधिकारी चंद्रप्रकाश साहू, साहिल देवांगन तथा सक्रिय सदस्य सोनाली और हीना सहित सोसाइटी के अन्य 15 कर्मयोद्धाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली इस पहल को नागरिकों के लिए उपयोगी बताते हुए आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top