भैंसबोड़ हाई स्कूल में वाणिज्य विषय के शिक्षक थे लितेश कुमार खरे; अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान, दल्लीराजहरा पुलिस ने शुरू की जांच
बालोद। जिले में सड़क हादसे में शासकीय हाई स्कूल भैंसबोड़ में पदस्थ शिक्षक लितेश कुमार खरे की मौत हो गई। वे कलेक्ट्रेट बालोद में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस (वीसी) में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी कुसुमकसा के पास हादसे का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक लितेश कुमार खरे मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुसुमकसा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना से शिक्षा जगत में शोक का माहौल है।

