बालोद और दल्लीराजहरा सहित 36 रेलवे स्टेशनों पर रेल जनसंवाद, यात्रियों से सीधे पूछीं समस्याएं

Darshan Balod
0

 






रेलवे अधिकारियों ने सुझावों और शिकायतों पर कार्रवाई के दिए निर्देश, स्वच्छता व प्लास्टिक मुक्त परिसर के लिए यात्रियों को किया जागरूक

बालोद, 22 अक्टूबर 2026। यात्रियों की समस्याओं को सुनने और रेल सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में गुरुवार को ‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विशेष अभियान 6.0 के तहत रायपुर सहित मंडल के 36 रेलवे स्टेशनों और 7 रेलवे उपक्रमों में हुए इस आयोजन के दौरान अधिकारियों ने यात्रियों एवं आमजन से सीधा संवाद किया। बालोद और दल्लीराजहरा रेलवे स्टेशन भी इस पहल में शामिल रहे।

यात्रियों के सुझाव और शिकायतें सुनकर दिए निर्देश

रेल जनसंवाद का उद्देश्य यात्रियों की अपेक्षाओं को समझना, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना और रेल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, जवाबदेह एवं यात्री-केंद्रित बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों, युवाओं और आमजन से यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं, स्वच्छता तथा अन्य रेल सेवाओं के संबंध में सुझाव और शिकायतें सुनीं। संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सुझावों और शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर उनके निराकरण की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।

रेलवन ऐप और NTES की दी जानकारी

संवाद के दौरान यात्रियों को रेलवन ऐप, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) और ट्रेन परिचालन से जुड़ी उपयोगी जानकारियां भी दी गईं। इन माध्यमों से यात्रियों को रेल सेवाओं और ट्रेन संबंधी जानकारी प्राप्त करने के बारे में बताया गया।

प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने की अपील, कपड़े के थैले बांटे

कार्यक्रम में यात्रियों से स्टेशन परिसर में कचरा नहीं फैलाने और अपने कचरे के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कम से कम कचरा उत्पन्न करने और रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने पर जोर दिया।

सिंगल यूज प्लास्टिक एवं प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग नहीं करने तथा इनके स्थान पर कपड़े के थैले अपनाने के लिए भी यात्रियों को जागरूक किया गया। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कपड़े के थैले वितरित किए गए।

जनभागीदारी से बेहतर रेल सुविधाओं पर जोर

रेल जनसंवाद कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों के साथ संबंधित स्टेशन प्रबंधक, वाणिज्य निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक और रेलकर्मी उपस्थित रहे। रायपुर मंडल की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों से सीधा संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझना, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जनभागीदारी के माध्यम से रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top