शराब के लिए पैसे मांगने से मना करने पर मारपीट का आरोप, सितंबर में हो चुकी है जिला बदर की कार्रवाई
गुण्डरदेही, 6 अक्टूबर 2026। जिला बदर की कार्रवाई के बावजूद दोबारा मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में गुण्डरदेही पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगते हुए प्रार्थी से गाली-गलौज की और पैसे देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की। घटना में प्रार्थी के दायें गाल और पीठ में चोट आई है।
पुलिस के मुताबिक 5 अक्टूबर को गुण्डरदेही निवासी वेदप्रकाश सोनकर अपने साथी तामेश्वर कुमार सोनकर के साथ रजिस्ट्री संबंधी कार्य से रजिस्ट्री कार्यालय गए थे। कार्य पूरा होने के बाद दोनों कार्यालय के सामने बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 12 निवासी युवराज तम्बोली वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए वेदप्रकाश से पैसे मांगने लगा। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का से मारपीट की।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गुण्डरदेही में अपराध क्रमांक 314/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने साक्ष्यों एवं गवाहों के कथनों के आधार पर आरोपी युवराज तम्बोली, पिता स्व. अशोक तम्बोली, उम्र 38 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 12, गुण्डरदेही को 6 अक्टूबर को गिरफ्तार किया।
सितंबर में हो चुकी है जिला बदर की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवराज तम्बोली के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के कारण सितंबर 2026 में जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद उसके दोबारा आपराधिक मामले में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 115(2), 351(3), 119(1), 223 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम की भूमिका
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी गुण्डरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रविषंकर पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। मामले में सहायक उप निरीक्षक अरविंद साहू, आरक्षक यशवंत देशमुख एवं आरक्षक पंकज तारम की भूमिका रही।
गुण्डरदेही पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मारपीट, धमकी, गाली-गलौज और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

