बालोद, 1 अक्टूबर 2026। जिला प्रशासन बालोद के आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित आदिवासी बालक क्रीड़ा परिसर, डौंडी में निवासरत विद्यार्थियों को खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए खेल प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया जारी है। परिसर में विद्यार्थियों को तीरंदाजी, कबड्डी और एथलेटिक्स का प्रशिक्षण देने के लिए दैनिक वेतन पर खेल प्रशिक्षकों के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट सूची जारी की गई। इसके बाद प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण करते हुए संशोधित सूची भी जारी कर दी गई है। अब चयन प्रक्रिया के अगले चरण में पात्र अभ्यर्थियों का प्रायोगिक परीक्षण और साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
10 अक्टूबर को होगा प्रायोगिक परीक्षण
पात्र अभ्यर्थियों के लिए प्रायोगिक परीक्षण एवं साक्षात्कार 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को आयोजित होगा। यह प्रक्रिया सुबह 11 बजे से आदिवासी बालक क्रीड़ा परिसर, डौंडी में शुरू होगी। विभाग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने कहा है।
आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी जानकारी
खेल प्रशिक्षकों के चयन से संबंधित विस्तृत जानकारी, नियम, पात्रता एवं अन्य आवश्यक निर्देश बालोद जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए balod.gov.in पर जानकारी देख सकते हैं। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, बालोद के कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।

