बालोद/गुरुर। ग्राम खोरदो में आयोजित त्रिदिवसीय रामधुनी प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के दौरान ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की गई। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पहुंचीं श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू ने ग्रामवासियों की मांग पर प्राथमिक शाला में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 8 लाख रुपये की घोषणा की।
ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक शाला में बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस संबंध में कई बार मांग उठाए जाने के बावजूद कार्य आगे नहीं बढ़ पाया था। ग्रामीणों की आवश्यकता को देखते हुए संध्या अजेंद्र साहू ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर से चर्चा कर कार्य को स्वीकृति दिलाने की पहल किए जाने की जानकारी दी।
रामधुनी प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर बाउंड्रीवाल की घोषणा होने से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल में बाउंड्रीवाल बनने से विद्यार्थियों के लिए परिसर अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगा।
ग्रामीणों ने संध्या अजेंद्र साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे गांव में आयोजित रामसत्ता एवं धार्मिक आयोजनों में अतिथि के रूप में पहुंचती हैं और स्थानीय समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयास करती हैं। ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी सक्रियता की सराहना की।

