धमतरी। रतन कॉलोनी में युवकों पर चाकू से हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12.7 इंच लंबा धारदार लोहे का चाकू और लकड़ी का बत्ता बरामद किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 2-3 अक्टूबर की दरमियानी रात रतन कॉलोनी क्षेत्र में हुई। विवाद के दौरान प्रार्थी चंदेश्वर ध्रुव (25), पिता दशरथ सिंह गुरु, निवासी दानिटोला स्कूल चौक, महिमा सागर वार्ड, धमतरी के साथ मौजूद युवकों पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। हमले में दोनों को चोटें आईं। रिपोर्ट मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साहिल मसीह (26), नितांत मसीह उर्फ प्रिंस मसीह (26) और सौरभ मसीह उर्फ रिकू मसीह (19) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी रतन कॉलोनी, महिमा सागर वार्ड, धमतरी के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू एवं लकड़ी का बत्ता जब्त किया। मामले में धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2), 3(5) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में असामाजिक तत्वों एवं चाकूबाजी की घटनाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय धमतरी में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
साहिल मसीह पिता स्व. ईस्माईल मसीह, उम्र 26 वर्ष; नितांत मसीह उर्फ प्रिंस मसीह पिता स्व. ईब्राहिम मसीह, उम्र 26 वर्ष; तथा सौरभ मसीह उर्फ रिकू मसीह पिता स्व. ईस्माईल मसीह, उम्र 19 वर्ष। तीनों निवासी रतन कॉलोनी, महिमा सागर वार्ड, धमतरी हैं।


