दीपावली पर पटाखा दुकान लगाने से पहले पढ़ लें ये निर्देश! बिना लाइसेंस बिक्री पर जब्ती और कानूनी कार्रवाई

Darshan Balod
0

 



बालोद जिला प्रशासन ने जारी की सख्त गाइडलाइन, निर्धारित स्थलों पर ही लगेंगी दुकानें; सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्त करने की हो सकती है कार्रवाई

बालोद, 28 अक्टूबर 2026। दीपावली पर्व के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण पर निगरानी रखने के लिए बालोद जिला प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जनस्वास्थ्य, नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने जिले के सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पटाखा दुकानों, भंडारण और बिक्री पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के पटाखे या विस्फोटक सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित सामग्री तत्काल जब्त की जा सकती है।

बिना लाइसेंस पटाखा बेचने पर होगी कार्रवाई

जारी निर्देश के अनुसार, विस्फोटक अधिनियम के प्रावधानों के तहत निर्धारित शर्तों और समय-सीमा के अनुसार पटाखे रखने एवं बेचने के लिए अनुज्ञप्ति जारी की जाती है। किसी भी व्यक्ति को बिना वैध अनुज्ञप्ति के पटाखों या विस्फोटक सामग्री का विक्रय करने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सामग्री जब्त की जाएगी।

पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण जरूरी

प्रशासन ने बताया कि अस्थायी पटाखा अनुज्ञप्ति का प्रतिवर्ष नवीनीकरण कराना अनिवार्य है। इसकी वैधता 31 मार्च तक रहती है। पूर्व में जारी अस्थायी अनुज्ञप्तियों की वैधता 31 मार्च 2026 को समाप्त हो चुकी है। ऐसे में नवीनीकृत अनुज्ञप्ति प्राप्त किए बिना पटाखा व्यवसाय करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

तय स्थानों पर ही लगेंगी पटाखा दुकानें

पटाखा विक्रेताओं को प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थलों पर ही दुकानें लगाने की अनुमति होगी। अनुज्ञप्तिधारी कारोबारियों को लाइसेंस में उल्लेखित सभी सुरक्षा शर्तों का कड़ाई से पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लाइसेंस निरस्त करने के लिए प्रस्ताव भेजा जा सकता है।

अग्निशमन और पर्यावरण सुरक्षा पर जोर

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने बालोद, गुरूर, गुंडरदेही, डौंडी और डौंडीलोहारा के अनुविभागीय अधिकारियों को छत्तीसगढ़ शासन के आवास एवं पर्यावरण विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। पटाखा विक्रय स्थलों पर अग्निशमन और आपातकालीन सुरक्षा की आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने दीपावली के दौरान नागरिकों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए पटाखा कारोबार पर निगरानी रखने की बात कही है। ऐसे में पटाखा विक्रेताओं को वैध अनुज्ञप्ति, निर्धारित दुकान स्थल और सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top