खेतों में लगे 3 और 5 एचपी के ट्यूबवेल के केबल काट ले गए चोर, लाटाबोड़ मुख्य मार्ग और अरौद माइनर नाली के पास के खेत बने निशाना; किसानों को आर्थिक नुकसान
बालोद। जिले के ग्राम भोईनापार में ट्यूबवेल से केबल वायर चोरी की घटनाओं ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों के अनुसार, एक ही रात में दर्जनों किसानों के खेतों में लगे ट्यूबवेल और बिजली बॉक्स से केबल वायर चोरी कर लिए गए। धान की फसल पककर तैयार होने और कटाई का समय नजदीक आने के बीच हुई इन घटनाओं से किसान चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार, लाटाबोड़ से ग्राम भोईनापार जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे स्थित खेतों में लगे 3 एचपी और 5 एचपी के ट्यूबवेल चोरों के निशाने पर रहे। इसके अलावा अरौद माइनर नाली के पार ग्राम भोईनापार के खार में स्थित खेतों से भी केबल वायर चोरी होने की बात सामने आई है। खेतों में लगे बिजली बॉक्स से केबल निकाल ले जाने के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
धान कटाई के समय किसानों की बढ़ी परेशानी
किसानों ने बताया कि वर्तमान में धान की फसल पककर तैयार है और कई खेतों में कटाई की तैयारी चल रही है। ऐसे समय में ट्यूबवेल के केबल वायर चोरी हो जाने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने और दोबारा केबल लगवाने का खर्च उठाने की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि खेती-किसानी के व्यस्त समय में इस तरह की घटनाएं अतिरिक्त परेशानी खड़ी कर रही हैं।
केबल वायर चोरी से प्रभावित किसानों में दिनेश साहू, धर्मेंद्र कुमार साहू, पुरुषोत्तम ठाकुर, रामेश्वर नेताम, नेतराम साहू और कोमल सिंह विश्वकर्मा सहित कई किसान शामिल हैं। किसानों ने खेतों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है।
ग्रामीणों ने संबंधित जिम्मेदारों से मामले पर ध्यान देने और खेतों में लगे ट्यूबवेल व बिजली उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।



