चौरेल की धम्मभूमि पर पहली बार गूंजा बौद्ध धम्म का संदेश, शरद पूर्णिमा पर जुटे हजारों अनुयायी

Darshan Balod
0

 




राज्य स्तरीय बौद्ध धम्म महोत्सव में भंते शील रत्न बोधि ने दिया धम्मोपदेश, विधायक कुंवर सिंह निषाद बोले—बाबासाहेब के संविधान की बदौलत आज विधायक हूं

बालोद। जिले के ग्राम चौरेल स्थित ऐतिहासिक धम्मभूमि गौरैय्या में शरद पूर्णिमा के अवसर पर 25 अक्टूबर 2026 को पहली बार राज्य स्तरीय बौद्ध धम्म महोत्सव का आयोजन किया गया। बौद्ध विरासत संरक्षण संघ, जिला बालोद के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित दूरस्थ क्षेत्रों से हजारों बौद्ध उपासक-उपासिकाएं शामिल हुए। कार्यक्रम में धम्मोपदेश, चिवरदान, अतिथि सम्मान और सामाजिक योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया।

महोत्सव में धम्मालैंड, दी रॉयल मोनास्टिक स्कूल, बिरबिरा (सिरपुर), जिला महासमुंद के संस्थापक अध्यक्ष पूज्य भंते डॉ. शील रत्न बोधि अपने भिक्खु संघ के साथ पहुंचे। उनके मार्गदर्शन में आयोजित धम्मदेशना ने पूरे परिसर को बौद्ध विचारों और मैत्री भावना से सराबोर कर दिया।

रैली निकालकर बुद्धदेव चौक में की वंदना

कार्यक्रम के प्रथम चरण में पूज्य भंते शील रत्न बोधि और भिक्खु संघ की अगुवाई में रैली निकाली गई। नगर भ्रमण करते हुए रैली बुद्धदेव चौक पहुंची, जहां धम्म चक्र अंकित प्राचीन स्तंभ के समक्ष वंदना की गई। इसके बाद रैली आयोजन स्थल पर लौटी और भिक्खु संघ को मंचस्थ किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूज्य भंते जी के चरणों में पुष्प अर्पित कर धम्मोपदेश देने की प्रार्थना की।

भंते जी ने सर्वप्रथम त्रिशरण और पंचशील ग्रहण करवाया। इसके बाद उन्होंने चार आर्य सत्य और आर्य अष्टांगिक मार्ग की विस्तार से व्याख्या करते हुए दुखों से मुक्ति के मार्ग और धम्म के महत्व को समझाया। उन्होंने दान पारमिता के अंतर्गत चिवरदान की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। अंत में सभी प्राणियों के सुख और कल्याण के लिए मंगल मैत्री कराई गई। धम्मदेशना के पश्चात चिवरदान दिया गया।

विधायक कुंवर सिंह निषाद बोले—बाबासाहेब का ऋणी रहूंगा

महोत्सव के दूसरे चरण में गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सिंह निषाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में भारतीय बौद्ध महासभा के राष्ट्रीय ट्रस्टी एस.आर. कांडे, उपाध्यक्ष पालनहार मेश्राम एवं प्रज्ञा कांडे, कानूनी सलाहकार संजय बेंद्रे, जिला अध्यक्षों में दिलीप मेश्राम, वर्षा बागडे और दीपक वैदे, पूर्व जिला अध्यक्ष तुलसीराम खोबरागड़े एवं वामन वानखेड़े, ग्राम चौरेल की सरपंच पूजा यादव, अपर कलेक्टर सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, नगर पंचायत चौकी के पूर्व उपाध्यक्ष रितेश मेश्राम तथा बालोद के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ए.व्ही. महेश्वर सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। मंचस्थ अतिथियों का पुष्पमाला और गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया।

अपने उद्बोधन में विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समता, स्वतंत्रता, बंधुता और न्याय पर आधारित संविधान दिया, जिसकी बदौलत आज वह विधायक बन पाए हैं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा बाबासाहेब के ऋणी रहेंगे और उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करते रहेंगे।

विधायक ने अपने विद्यार्थी जीवन की एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्षों पहले अर्जुंदा में भीम ज्योति आई थी। उस समय उन्होंने भीम ज्योति की अगुवाई की थी और बौद्ध समुदाय के साथ पूरे अर्जुंदा नगर में भ्रमण किया था। उन्होंने कहा कि वह भी बाबासाहेब के एक सिपाही हैं और बौद्ध समुदाय जब भी उन्हें सेवा के लिए याद करेगा, वह उपस्थित रहने का प्रयास करेंगे।

बौद्ध विरासत के संरक्षण में चौरेल का ऐतिहासिक महत्व

ग्राम चौरेल का गौरैय्या क्षेत्र पुरातात्विक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। तांदुला नदी के संगम स्थल के निकट स्थित इस क्षेत्र में प्राचीन स्तंभों, खंडित मूर्तियों और बुद्ध प्रतिमाओं के अवशेष मिलने की जानकारी दी गई। स्थानीय स्तर पर मान्यता है कि प्राचीन समय में यहां बौद्ध भिक्षुओं का निवास रहा और तथागत बुद्ध की प्रतिमा स्थापित की गई थी।

यहां स्थित एक बावली की सफाई के दौरान अनेक स्तंभों और खंडित मूर्तियों के अवशेष मिलने की बात भी सामने आई है। खुदाई से प्राप्त छोटी बुद्ध प्रतिमाओं के दर्शन यहां आने वाले लोगों को होते हैं। पूर्वजों द्वारा निर्मित बुद्ध विहार में खुदाई से प्राप्त बुद्ध प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। परिसर में विभिन्न धर्मों के देवी-देवताओं के मंदिर भी मौजूद हैं। ग्रामवासियों ने धम्म चक्र अंकित प्राचीन स्तंभ को एक चौक में स्थापित कर उसे बुद्धदेव चौक नाम दिया है।

पुराने कार्यकर्ताओं को किया याद, सहयोगियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान भारतीय बौद्ध महासभा के राष्ट्रीय ट्रस्टी एस.आर. कांडे ने पूर्व तहसील समिति बालोद के छगनलाल महेश्वर, रामेश्वर दहीवेले, नत्थूराम महेश्वरी, झाड़ू राम सुखदेव और देवलाल बोरकर सहित अन्य कर्मठ पदाधिकारियों के योगदान को याद करते हुए उनकी सराहना की।

मंचस्थ अतिथियों ने भी अपने उद्बोधन में आयोजन की प्रशंसा की और समिति को धन्यवाद दिया। इसके बाद अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। पूर्व तहसील समिति के उन कार्यकर्ताओं को भी विनम्र श्रद्धांजलि दी गई, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनके परिजनों को स्मृति चिह्न, पुष्पहार और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया। बालोद जिले के विभिन्न परिक्षेत्रों के पदाधिकारियों और आयोजन में निस्वार्थ भाव से सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आंबेडकरवादी पुनेश्वर देवांगन और घनश्याम रात्रे को तथागत बुद्ध के उपदेशों पर आधारित पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया।

कई जिलों से पहुंचे बौद्ध अनुयायी

महोत्सव में बालोद के अलावा कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, धमतरी, रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव सहित अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बौद्ध उपासक-उपासिकाएं पहुंचे। आयोजन में डी.पी. लोंहारे, अनिल खोबरागड़े, जय नंदा, चंद्र कुमार बारसागढ़े, प्यारे बोरकर, सुनील रंगारे, देवेंद्र मेश्राम, सतीश वैदे, संगीता बोरकर, रत्ना मेश्राम, नीता कमल, ज्योत्सना मेश्राम और चंद्रशीला बाम्बेश्वर सहित अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम का सफल संचालन आयुष्मान नागेंद्र कमड़े ने किया। स्वागत भाषण संघ के अध्यक्ष प्रवीण लोंहारे ने दिया। हरमीत लेनपांडे ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जबकि संघ के सचिव गुंजन रामटेक ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। बौद्ध विरासत संरक्षण संघ के मीडिया प्रभारी संजय सावलकर ने आयोजन की जानकारी देते हुए सभी उपस्थित उपासक-उपासिकाओं के प्रति आभार जताया और भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा की।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top