काला दिवस पर धमतरी चौक में किया विरोध प्रदर्शन, निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और जवाबदेही का मुद्दा उठाया
गुंडरदेही। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार भारतीय लोकतंत्र के लिए आयोजित “काला दिवस” के अवसर पर गुंडरदेही में कांग्रेसजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। विधायक कुंवर सिंह निषाद के मार्गदर्शन और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कचरू साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर पैदल मार्च निकाला। पेंशनर भवन से शुरू हुआ मार्च बस स्टैंड होते हुए धमतरी चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए कथित वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच, मताधिकार की रक्षा तथा निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कचरू साहू ने कहा कि केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों पर देश की जनता को जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने कथित वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मत की गरिमा सर्वोपरि है और मताधिकार को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को प्रभावित कर सकता है। कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ कथित बर्बरतापूर्ण दुर्व्यवहार की घटना पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका सरकार से सवाल पूछने, जनहित के मुद्दे उठाने और सत्ता को जवाबदेह बनाने की है। विपक्ष की आवाज दबाने या निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधिकारों को सीमित करने का कोई भी प्रयास लोकतांत्रिक भावना के विपरीत है।
विधायक ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और जनता की आवाज की रक्षा के लिए है। देश में ऐसी राजनीतिक व्यवस्था होनी चाहिए, जहां असहमति का सम्मान किया जाए, विपक्ष को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता मिले और संवैधानिक संस्थाएं निष्पक्ष एवं जवाबदेह तरीके से कार्य करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जनता के विश्वास से आती है।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन हुए शामिल
विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस महामंत्री भोजराज साहू, पार्षद सलीम खान, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस जिलाध्यक्ष के.के. राजू चंद्राकर, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष सुचित्रा हेमंत साहू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. नारायण साहू, नुरुल्ला खान, विधायक प्रतिनिधि तरुण पारकर, भूपेंद्र चंद्राकर, ब्लॉक उपाध्यक्ष लिखन निषाद, गोविंद चंद्राकर, महामंत्री अभिषेक यादव, पवन सिन्हा, मंडल अध्यक्ष सलीम खान एवं तरुण साहू, रूपचंद जैन, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष परस ठाकुर, सुनील चंद्राकर, गिरधारी निषाद, नगर कांग्रेस अध्यक्ष लालू सोनकर, सेक्टर प्रभारी गोपीराम साहू, बलराम अंगारे, लक्ष्मीनारायण सोनकर, कौशिक साहू, पार्षद पोषण निषाद, फैज बख्श, उत्तम सोनकर, मनीष सेन, सूरज सोनकर, मेघनाथ निषाद, ओंकार देवांगन और किशन पांडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

