बालोद के पीजी कॉलेज के वाटर कूलर में मिले सैकड़ों मरे हुए कीड़े, पेयजल व्यवस्था पर उठे सवाल

Darshan Balod
0

 



युवा नेता देवेंद्र साहू ने उठाया मुद्दा, विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग

बालोद। शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालोद में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध पेयजल की स्वच्छता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। महाविद्यालय परिसर में लगे वाटर कूलर में सैकड़ों की संख्या में मरे हुए कीड़े पाए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर युवा नेता देवेंद्र साहू ने मुद्दा उठाते हुए महाविद्यालय में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, महाविद्यालय में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। आरोप है कि कभी पानी से बदबू आने, कभी वाटर कूलर में कीड़े मिलने तो कभी पानी की टंकी के आसपास सांप दिखाई देने की शिकायतें मिलती रही हैं। वाटर कूलर में मरे हुए कीड़े मिलने की घटना ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था की नियमित साफ-सफाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

युवा नेता देवेंद्र साहू ने इस मामले को उठाते हुए कहा कि महाविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना जरूरी है। पेयजल के स्रोतों और वाटर कूलर की नियमित सफाई तथा समय-समय पर जांच की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को दूषित पानी पीने की स्थिति का सामना न करना पड़े।

इस मामले में महाविद्यालय प्रशासन से पेयजल व्यवस्था की जांच कराने, वाटर कूलर एवं पानी की टंकियों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की अपेक्षा की जा रही है। हालांकि, पेयजल की गुणवत्ता और शिकायतों की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि संबंधित प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

इस दौरान रामावतार साहू, राहुल निषाद, टमेश कुमार, पीलेश्वर साहू, जागेश्वर कुमार सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top