15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, समस्या और शिकायत के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर 07749-223956
बालोद। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों के बीच बालोद जिला प्रशासन ने किसानों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। धान उपार्जन के दौरान किसानों को होने वाली समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर कॉल सेंटर स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से किसान धान खरीदी से संबंधित अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आगामी 15 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है। जिले में धान उपार्जन का कार्य सुचारू, पारदर्शी और निर्बाध रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।
शिकायत के लिए जारी किया गया दूरभाष नंबर
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि धान खरीदी से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या, पूछताछ अथवा शिकायत दर्ज कराने के लिए किसान कॉल सेंटर के दूरभाष नंबर 07749-223956 पर संपर्क कर सकते हैं। कॉल सेंटर में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित उपार्जन केंद्रों और अधिकारियों के माध्यम से समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
अधिकारियों और कर्मचारियों की लगाई गई ड्यूटी
कॉल सेंटर में शिकायतें दर्ज करने और उनके निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। इसके तहत सहायक खाद्य अधिकारी श्रद्धा दिल्लीवार (मोबाइल नंबर 9758862209) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उनके सहयोग के लिए चौकीदार योगेन्द्र कुमार सिन्हा (मोबाइल नंबर 7828628898) तथा भृत्य चंद्रप्रकाश निराला (मोबाइल नंबर 810906724) की ड्यूटी भी लगाई गई है।
जिला प्रशासन की इस व्यवस्था से किसानों को धान खरीदी के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए सुविधा मिलेगी और उपार्जन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
किसानों से अपील है कि धान खरीदी से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जारी कॉल सेंटर नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
