कलेक्टर के निर्देश पर आगामी आदेश तक संचालन प्रतिबंधित, 2005 से 2023 के बीच पशु क्रूरता और मोटर वाहन अधिनियम के तहत दर्ज 50 मामलों का भी उल्लेख
बालोद, 21 अक्टूबर 2026। ग्राम करहीभदर में लगने वाले साप्ताहिक मवेशी बाजार के संचालन पर जिला प्रशासन ने आगामी आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है। पशुओं के लिए पर्याप्त छाया और पेयजल की व्यवस्था नहीं होने, परिवहन के दौरान कथित क्रूरता तथा बाजार की आय और खर्च से जुड़ी अनियमितताओं के मामलों को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर शिकायतों की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया।
पशुओं के लिए छाया-पानी की व्यवस्था नहीं मिलने की बात आई सामने
जिला प्रशासन के अनुसार, गौ-सेवा एवं गौरक्षा संगठनों की ओर से बाजार में पशुओं के अवैध परिवहन और उनके साथ क्रूरता किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की जांच के दौरान बाजार परिसर में मवेशियों को बांधने के लिए पर्याप्त शेड, छाया और पीने के पानी की उचित व्यवस्था नहीं पाई गई। पशुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की कमी को लेकर प्रशासन ने गंभीर चिंता जताई है।
18 वर्षों में 50 अपराध दर्ज होने का उल्लेख
जांच रिपोर्ट में बताया गया कि वर्ष 2005 से 2023 के बीच करहीभदर मवेशी बाजार से संबंधित मामलों में पशु क्रूरता और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 50 अपराध पंजीबद्ध किए गए। इसके अलावा, वाहनों में मवेशियों को निर्धारित क्षमता से अधिक संख्या में और ठूंस-ठूंसकर ले जाने की शिकायतें भी सामने आईं।
बाजार की आय का होगा अंकेक्षण
बाजार की नीलामी से प्रतिवर्ष लाखों रुपये की आय होने के बावजूद पशुओं की सुविधाओं पर पर्याप्त राशि खर्च किए जाने को लेकर सवाल उठे हैं। प्रशासन के अनुसार, जांच में वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित मामले सामने आने के बाद कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जिला स्तरीय समिति के माध्यम से नीलामी से प्राप्त आय का अंकेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।
आगामी आदेश तक संचालन पर रोक, पुलिस रखेगी निगरानी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि न्यायालयीन आदेश के बिना करहीभदर में मवेशी बाजार का संचालन नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक, बालोद को बाजार स्थल पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन के मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य पशुओं के प्रति क्रूरता रोकना, उनके सुरक्षित परिवहन को सुनिश्चित करना तथा बाजार संचालन में निर्धारित नियमों और वित्तीय प्रक्रियाओं का पालन कराना है। पशु कल्याण और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


