मवेशियों को महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाने की आशंका, 2 गाय और पिकअप सहित ₹1.60 लाख का मशरूका जब्त
गुंडरदेही, 17 अक्टूबर 2026। ग्राम कमरौद के गौठान के पास ग्रामीणों की सूचना पर गुंडरदेही पुलिस ने मवेशियों से भरी पिकअप वाहन को पकड़कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पिकअप में दो गायों को क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। वाहन चालक मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात्रि ग्रामीणों ने ग्राम कमरौद के गौठान के पास एक पिकअप वाहन में मवेशियों को भरकर ले जाने की सूचना दी। रात्रि पेट्रोलिंग में तैनात सहायक उप निरीक्षक राजेश ठाकुर थाना स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें दो गायें मिलीं। पूछताछ के दौरान चालक मवेशियों के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
ग्रामीण दयालु राम कंवर एवं अन्य गवाहों की रिपोर्ट पर थाना गुंडरदेही में अपराध क्रमांक 345/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण (संशोधन) अधिनियम, 2011 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मामले में मुरली प्रसाद माण्डले (31), पिता विष्णु प्रसाद माण्डले, निवासी टेकापार, थाना एवं जिला बालोद तथा रामावतार (18), पिता रोशन देवदास, निवासी टेकापार, थाना एवं जिला बालोद को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान दो गायों की अनुमानित कीमत ₹5 हजार तथा पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CA 5233 की कीमत ₹1.55 लाख, कुल ₹1.60 लाख का मशरूका जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुंडरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी गुंडरदेही के नेतृत्व में की गई। सहायक उप निरीक्षक राजेश ठाकुर, आरक्षक पंकज तारम, आरक्षक यशवंत देशमुख एवं थाना स्टाफ की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।




