नवरात्रि में लोक संस्कृति का परचम लहरा रहे पीएम श्री स्कूल शिकारीपारा के बच्चे

Darshan Balod
0

 







दुर्गा पंडालों में छत्तीसगढ़ी लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुति देकर बच्चों ने बिखेरा सांस्कृतिक रंग

बालोद। नवरात्रि के पावन अवसर पर पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला शिकारीपारा, बालोद के बच्चे छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, लोकगीत और लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से विभिन्न दुर्गा पंडालों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां धार्मिक आयोजनों की रौनक बढ़ाने के साथ ही छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दे रही हैं।

नवरात्रि के दौरान विद्यालय के बच्चे राज संगीत महाविद्यालय, चंडी मंदिर, दुर्गा मंदिर, बूढ़ापारा, काली मंदिर एवं कोलरूपारा सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों और दुर्गा पंडालों में पहुंचकर छत्तीसगढ़ी लोकगीतों एवं लोकनृत्यों की प्रस्तुति दे रहे हैं। पारंपरिक गीत-संगीत की धुन पर बच्चों की सामूहिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं और दर्शकों का विशेष आकर्षण बनी हुई हैं।

विद्यालय की प्रधान पाठिका श्रीमती वर्षा यादव के नेतृत्व तथा संगीत शिक्षिका सुश्री रानू निषाद के मार्गदर्शन में बच्चे नियमित अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। इस सांस्कृतिक पहल को सफल बनाने में शिक्षिकाओं श्रीमती संगीता ठाकुर, श्रीमती सरिता ठाकुर, श्रीमती भारती सोनी एवं श्रीमती मिंज का भी महत्वपूर्ण योगदान है।

बच्चों की इन प्रस्तुतियों से न केवल दुर्गा पंडालों की रौनक बढ़ रही है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, सामूहिकता और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित हो रही है। मंच पर प्रस्तुति देने से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है और वे लोककला की बारीकियों को भी करीब से समझ रहे हैं।

विद्यालय परिवार की यह पहल शिक्षा के साथ कला और संस्कृति को जोड़ने का सुंदर उदाहरण है। बच्चों को मंच प्रदान कर छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं से परिचित कराना तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव की भावना विकसित करना इस प्रयास की विशेष उपलब्धि है। नवरात्रि के अवसर पर बच्चों द्वारा की जा रही यह सांस्कृतिक पहल लोककला, लोकपरंपरा और संस्कारों के संरक्षण की दिशा में सराहनीय कदम है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top