55 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, 13 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
रायपुर। स्वामी विवेकानंद कोटा स्टेडियम, रायपुर में जिला स्तरीय NIDJAM (National Inter District Junior Athletic Meet) 2026 एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रायपुर जिले के चारों ब्लॉकों के स्कूलों से लगभग 55 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर 13 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक्स मीट 2026 के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हैदराबाद में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव एवं शहीद वीर हनुमान सिंह अवार्डी रविशंकर धनकर ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण और स्कूली स्तर पर प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए ट्रायथलॉन-ए, बी एवं सी तथा 16 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए 60 मीटर दौड़, 80 मीटर बाधा दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, 600 मीटर दौड़, गोला फेंक एवं भाला फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों की क्षमता को परखने, उनकी प्रतिभा को पहचानने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी है। हमारा प्रयास है कि बच्चों को उचित प्रशिक्षण, सुविधाएं और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलें, ताकि घर-घर से खिलाड़ी तैयार हों और भविष्य में एशियन गेम्स, ओलंपिक तथा वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में पूर्व प्रेसिडेंट छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स एसोसिएशन जी.एस. बामरा, रायपुर जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष महेंद्र आहूजा, पूर्व जनरल सेक्रेटरी ऑफिसर एसोसिएशन (बीएसपी) एवं वर्किंग प्रेसिडेंट बीएसपी क्लब परविंदर सिंह ग्रेवाल, नीता डुमरे, बलौदाबाजार एथलेटिक्स संघ के सचिव आदित्य ठाकुर, सीनियर NIS एथलेटिक्स कोच सुदर्शन सिंह, एथलेटिक्स कोच एवं टेक्निकल ऑफिशियल दिनेश कुमार टांडी, तुलसी राम साहू, आशीष कुमार जायसवाल, लक्ष्मण साहू एवं ए.एस. कुमार मंडावी सहित खेल जगत से जुड़े पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
आयोजन में धमतरी जिला एथलेटिक्स संघ के कोषाध्यक्ष अनूप यदु, खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायपुर के वरिष्ठ प्रशिक्षक टी. निंगराज रेड्डी, हिमांशु चंद्राकर, पुरिन्दर कोसरिया, मीरा साहू, सक्षम यादव, व्यायाम शिक्षक प्रदीप यदु एवं रीतेश चंद्राकर सहित प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
आयोजकों ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और उचित मंच उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा, ताकि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।





