सरदार पटेल मैदान का स्वरूप न बिगाड़ें, क्रिकेट बॉक्स का निर्माण अन्यत्र कराने की मांग

Darshan Balod
0

 



पार्षद निर्देश पटेल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, कांग्रेस के कई नेता रहे मौजूद

बालोद। नगर के हृदय स्थल सरदार पटेल मैदान में प्रस्तावित क्रिकेट बॉक्स निर्माण को अन्यत्र कराए जाने की मांग उठी है। इस संबंध में वार्ड क्रमांक 09 के पार्षद निर्देश पटेल ने कलेक्टर बालोद को ज्ञापन सौंपकर मैदान के मौजूदा स्वरूप को यथावत रखने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि सरदार पटेल मैदान बालोद की ऐतिहासिक धरोहर है। यहां वर्षों से सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक, खेलकूद सहित विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों का आयोजन होता आ रहा है। नगर के मध्य स्थित यह मैदान सार्वजनिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण खुला स्थान है, जहां भविष्य में भी विभिन्न कार्यक्रम सुविधापूर्वक आयोजित किए जा सकते हैं।

ज्ञापन में क्रिकेट बॉक्स निर्माण की आवश्यकता का समर्थन करते हुए कहा गया है कि खेल सुविधाओं का विस्तार जरूरी है, लेकिन इसके लिए सरदार पटेल मैदान के स्वरूप को प्रभावित करना उचित नहीं होगा। पार्षद ने मांग की है कि नगरपालिका परिषद की बैठक में क्रिकेट बॉक्स निर्माण के लिए जिस स्थान का चयन किया गया था, उसी स्थान पर निर्माण कराया जाए।

इस दौरान पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अचल प्रकाश साहू, विधायक प्रतिनिधि धीरज उपाध्याय, कमलेश श्रीवास्तव और नेता प्रतिपक्ष कल्लू भैया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top