बालोद। जिले के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी को 30 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को पीड़िता को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने की रिपोर्ट पर थाना अर्जुन्दा में अपराध क्रमांक 174/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। मामले में संदेही चन्द्रजीत यादव की तलाश की जा रही थी।
जहीराबाद में मिला आरोपी का लोकेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चौहान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुण्डरदेही श्रुति सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान आरोपी का लोकेशन जहीराबाद, तेलंगाना में मिलने पर अर्जुन्दा थाना पुलिस की टीम वहां रवाना की गई। पुलिस ने पीड़िता को बरामद किया और उसके कथन के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एफ), 64(2)(एम) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 जोड़ी गईं।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी चन्द्रजीत यादव (31 वर्ष), पिता भुजबल यादव, निवासी परसतराई, की तलाश कर उसे जहीराबाद, तेलंगाना से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद 30 अक्टूबर 2026 को आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
