दुर्ग स्टेट स्तरीय कराते प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान, अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे दमखम
धमतरी। जिले के होनहार खिलाड़ी ऋषभ साहू ने कराते प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर धमतरी जिले का नाम रोशन किया है। दुर्ग में आयोजित स्टेट स्तरीय कराते प्रतियोगिता में ऋषभ ने अपने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया।
इस उपलब्धि के साथ ही ऋषभ साहू का चयन राष्ट्रीय स्तर की कराते प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन तेलंगाना में किया जाएगा, जहां ऋषभ छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
ऋषभ साहू धमतरी स्थित नूतन उच्चतर माध्यमिक शाला के विद्यार्थी हैं। उनकी इस सफलता से विद्यालय परिवार, शिक्षकों, परिजनों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। ऋषभ की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने पर नजर
स्टेट स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब ऋषभ की नजर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने पर है। उनकी इस उपलब्धि को जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
ऋषभ साहू की इस सफलता पर विद्यालय परिवार सहित खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए तेलंगाना में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
धमतरी का गौरव, छत्तीसगढ़ की शान बने ऋषभ साहू!
