दर्शन बालोद न्यूज में प्रमुखता से उठाई थी बदहाल रास्ते की समस्या, 84.53 लाख की लागत से मोंगरी-भाठापारा मार्ग का निर्माण शुरू; 1.080 किमी सड़क से अंतिम छोर के मोहल्लों को मिलेगी बड़ी राहत
बालोद। ग्राम पंचायत मोंगरी के उस बदहाल और दलदल भरे रास्ते को लेकर प्रकाशित की गई खबर का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है, जहां बारिश के दिनों में कीचड़ और गड्ढों के कारण ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो जाता था। रास्ता इतना खराब था कि कई बार वाहन बीच रास्ते में फंस जाते थे और मोहल्लेवासियों का दूसरे गांवों से संपर्क प्रभावित हो जाता था। अब इसी मार्ग पर पक्की सड़क का निर्माण शुरू हो गया है।
ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या को देखते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्राम मोंगरी से भाठापारा तक 1.080 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस सड़क के लिए 84.53 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
बारिश में दलदल बन जाता था रास्ता, वाहन फंसने से बढ़ती थी परेशानी
मोंगरी के बाजार चौक से हाई स्कूल होते हुए जाने वाला यह मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता था। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी होती थी तथा कई बार वाहन रास्ते में फंस जाते थे।
इस समस्या को लेकर ग्रामीणों की परेशानी को प्रमुखता से सामने लाया गया था। खराब रास्ते के कारण इस हिस्से में रहने वाले मोहल्लेवासियों को दूसरे गांवों और मुख्य मार्ग से जुड़ने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर मरीजों तक को मिलेगी राहत
ग्राम पंचायत मोंगरी के सरपंच रोशन लाल सोनवानी ने बताया कि बारिश के दौरान मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो जाती थी। विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती थी। वहीं गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को अस्पताल तक ले जाने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था।
उपसरपंच खिलेश्वर प्रसाद साहू ने बताया कि पक्की सड़क नहीं होने के कारण चारपहिया वाहन और एंबुलेंस को गांव के इस हिस्से तक पहुंचने में परेशानी होती थी। सड़क बनने के बाद आपातकालीन सेवाओं की पहुंच भी आसान होगी।
अंतिम छोर के मोहल्ले को मिलेगा सीधा फायदा
वार्ड क्रमांक 12 निवासी बिसम्भर राम साहू ने बताया कि उनका घर सड़क के अंतिम छोर पर स्थित है। रास्ता खराब होने के कारण दो प्रमुख वार्डों के लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में काफी परेशानी होती थी। अब पक्की सड़क बनने से मोहल्लेवासियों के साथ हाई स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
ग्राम पंचायत मोंगरी के सरपंच गोवर्धन लाल सोनवानी, उपसरपंच खिलेश्वर प्रसाद साहू, वार्डवासी बिसम्भर राम साहू सहित ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति और कार्य शुरू होने पर खुशी जताई है। ग्रामीणों ने गांव की बरसों पुरानी मांग पूरी होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
खबर का असर: जिस रास्ते की बदहाली को लेकर ग्रामीण लंबे समय से परेशान थे और जिसकी समस्या को खबर के माध्यम से प्रमुखता से उठाया गया, अब उसी रास्ते पर पक्की सड़क का निर्माण शुरू होना ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।


