जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पास हुआ भीषण हादसा, काम से घर लौट रहे आनंद सिंह ने मौके पर गंवाई जान; पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
डौंडी। नगर में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार कच्चे माइंस कर्मचारी आनंद सिंह (33 वर्ष) की मौत हो गई। हादसा डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार आर्टिका कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार आनंद सिंह कच्चे माइंस में कर्मचारी थे और अपने काम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आर्टिका कार क्रमांक CG 04 QC 8930 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में आनंद सिंह की जान चली गई।
टक्कर की तीव्रता से कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार टक्कर के बाद आर्टिका कार के अगले हिस्से को भी भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।
आनंद सिंह की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
रिपोर्ट: विक्की जायसवाल


