मुख्य बाजार और मार्गों पर लोगों को किया जागरूक, हेलमेट पहनने और साइबर ठगी से बचने की दी जानकारी
डौंडी। भारत स्काउट एवं गाइड्स स्थानीय संघ डौंडी, जिला बालोद के तत्वावधान में शनिवार को नगर पंचायत डौंडी के मुख्य बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर जागरूकता रैली निकाली गई। साप्ताहिक बाजार के दौरान आयोजित इस अभियान में यातायात एवं सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और नशामुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार चतुर्वेदी एवं डौंडी थाना प्रभारी उमा ठाकुर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्काउट-गाइड प्रभारी तनुजा बंजारे, गायत्री देवांगन, पुष्पलता गंजीर, नेमीचंद बढ़ाई, बलराम करात एवं रजक के सहयोग से रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात अपनाने और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा सड़क संकेतों और जेब्रा क्रॉसिंग का ध्यान रखने की समझाइश दी गई। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। आयोजकों ने बताया कि नशे का सेवन स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है और नशे की हालत में वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
साइबर अपराध जागरूकता अभियान के तहत लोगों को ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने, अनजान लिंक नहीं खोलने, संदिग्ध बैंक कॉल से सावधान रहने तथा अनजान एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी गई। फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सतर्क रहने की जानकारी भी दी गई। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में विधिक सेवा से संबंधित जानकारियां भी साझा की गईं। लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, चाइल्ड हेल्पलाइन और महिला हेल्पलाइन जैसी सुविधाओं के बारे में बताया गया। साथ ही मोबाइल फोन का उचित और सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस जागरूकता अभियान की स्काउट-गाइड जिला संघ बालोद, बीआरसीसी श्री ताराम तथा विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों ने सराहना की। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए शुभकामनाएं दीं।


