छात्रवृत्ति के लिए अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाणपत्र अब ऑनलाइन जारी होगा

Darshan Balod
0

 



विद्यार्थियों और अभिभावकों को मिलेगी सुविधा, लोक सेवा केंद्र से कर सकेंगे आवेदन

बालोद, 1 अक्टूबर 2026। अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के कक्षा पहली से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए केंद्र प्रवर्तित प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना (कॉम्पोनेंट-11) के तहत अब अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाणपत्र ऑनलाइन जारी किया जाएगा। लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर के निर्देशानुसार यह व्यवस्था विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा के लिए शुरू की गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, जाति, निवास और आय प्रमाणपत्र की तरह अब अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाणपत्र भी अनुविभागीय अधिकारी या तहसीलदार स्तर से ऑनलाइन जारी होगा। इसके लिए चिप्स द्वारा ऑनलाइन सुविधा तैयार की गई है।

लोक सेवा केंद्र से कर सकेंगे आवेदन

प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदक अनुविभागीय अधिकारी या तहसीलदार कार्यालय स्थित लोक सेवा केंद्र में जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित प्रारूप में स्टाम्प पर शपथ पत्र तैयार कराना होगा। शपथ पत्र पर संबंधित सरपंच या पार्षद तथा पटवारी के हस्ताक्षर आवश्यक होंगे।

हस्ताक्षरित शपथ पत्र और जरूरी दस्तावेजों के साथ लोक सेवा केंद्र में ऑनलाइन आवेदन जमा किया जा सकेगा। नई व्यवस्था से विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रमाणपत्र बनवाने में सुविधा मिलेगी और बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी कम होगी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top