चिटौद गांव में रावण दहन के दौरान हुआ था विवाद, हमले में घायल तोषण निषाद धमतरी जिला अस्पताल रेफर; वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त
बालोद। दशहरा पर्व के दौरान हुए विवाद के बाद ग्राम चिटौद में एक युवक पर घर में घुसकर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल तोषण निषाद को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया है। मामले में पुरूर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया और वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त किया है।
रावण दहन देखने के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को ग्राम चिटौद में दशहरा पर्व के दौरान रावण दहन कार्यक्रम देखने गए तोषण निषाद और उसके दोस्तों का गांव के एक युवक के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद 21 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे एक व्यक्ति कथित तौर पर प्रार्थी के घर में घुसा और छत पर सो रहे तोषण निषाद पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में तोषण के चेहरे, गले, गर्दन, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
रिपोर्ट के बाद अपराध दर्ज, चाकू जब्त
घटना के संबंध में ग्राम चिटौद निवासी गणेश राम निषाद की रिपोर्ट पर थाना पुरूर में अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 एवं 332(ख) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद बालक को किशोर न्यायालय बालोद में पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेषण गृह दुर्ग भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बालोद किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन, एसडीओपी गुरुर माया शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी पुरूर प्रशिक्षु उपनिरीक्षक इन्द्रजीत सिदार के नेतृत्व में की गई।

