उप मुख्यमंत्री के दौरे से पहले संयुक्त जिला कार्यालय की अव्यवस्थाओं पर कलेक्टर नाराज, साफ-सफाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश

Darshan Balod
0

 




24 अक्टूबर को बालोद में होंगे विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन, हितग्राहियों को सामग्री वितरण और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान भी प्रस्तावित

बालोद, 21 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा के दो दिवसीय बालोद प्रवास से पहले जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। इसी कड़ी में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

कार्यालय में साफ-सफाई और व्यवस्था सुधारने पर जोर

कलेक्टर ने कार्यालय अधीक्षक को संयुक्त जिला कार्यालय को व्यवस्थित करने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहें। इसके लिए संबंधित अधिकारी समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करें।

24 अक्टूबर को विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का 23 और 24 अक्टूबर 2026 को बालोद जिले में दो दिवसीय प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान वे विभिन्न विभागों के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरित करने और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने की भी तैयारी है।

इसके साथ ही जिले की विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मुख्य कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर अपर कलेक्टर सुरेन्द्र कुमार वैद्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर नूतन कंवर एवं हरिवंश सिंह मिरी, एसडीएम डौण्डीलोहारा लवकेश कुमार ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top