विश्व शिक्षक दिवस पर देशभर के 128 उत्कृष्ट शिक्षकों के साथ ऑनलाइन समारोह में हुईं सम्मानित
बलौदाबाजार/सिमगा, 5 अक्टूबर 2026। विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, उत्कृष्ट शिक्षण कार्य एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले देशभर के चयनित शिक्षकों के सम्मान में राष्ट्रीय ऑनलाइन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न राज्यों के 128 उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके शैक्षणिक योगदान के लिए “शिक्षा ज्योति सम्मान” से सम्मानित किया गया। इनमें छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोलिहा, विकासखंड सिमगा की शिक्षिका श्रीमती चित्रा साहू भी शामिल रहीं।
श्रीमती चित्रा साहू को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य, नवाचारी शिक्षण गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान से नवाजा गया। वे पिछले 17 वर्षों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
श्रीमती साहू विद्यार्थियों को सहज एवं गतिविधि आधारित तरीके से सीखने के अवसर उपलब्ध कराने के साथ विज्ञान, कला एवं क्राफ्ट, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा बाल-केंद्रित गतिविधियों को शिक्षण प्रक्रिया से जोड़कर कार्य कर रही हैं। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने इंस्पायर अवॉर्ड में लगातार चार वर्षों तक चयन प्राप्त किया है। वहीं जिला स्तरीय विज्ञान एवं गणित दिवस क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान हासिल किया है। विज्ञान संगोष्ठी और विभिन्न विज्ञान गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को विकासखंड स्तर पर प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्राप्त हुए हैं।
विद्यालय में बाल शोध विज्ञान मेला एवं प्रयोग आधारित विज्ञान मेला जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और प्रयोगशीलता विकसित करने का प्रयास किया जाता है।
श्रीमती साहू पिछले लगभग 12 वर्षों से विद्यार्थियों को आर्ट एंड क्राफ्ट से जोड़कर उनकी रचनात्मकता और कौशल विकास के लिए कार्य कर रही हैं। विद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा स्वयं तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए राखी स्टॉल की अभिनव गतिविधि भी कई वर्षों से संचालित की जा रही है। इससे विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ आत्मविश्वास, कार्य-कौशल और उद्यमिता की भावना विकसित हो रही है।
इसके अलावा विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण, सीड बॉल निर्माण, सुरक्षित शनिवार, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों सहित विभिन्न बाल-केंद्रित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ जीवन-मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
यह सम्मान “शिक्षा ज्योति” छत्तीसगढ़ की संस्थापक श्रीमती अर्चना शर्मा एवं अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार छत्तीसगढ़ के जनरल सेक्रेटरी डॉ. राघवेंद्र सिंह राठौर द्वारा आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। आयोजकों ने श्रीमती चित्रा साहू के शैक्षणिक नवाचारों, समर्पण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
श्रीमती चित्रा साहू को राष्ट्रीय स्तर का सम्मान मिलने पर विद्यालय परिवार, प्रधान पाठक, सहकर्मियों, संकुल परिवार, विकासखंड के शिक्षकों, शिक्षाविदों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार के लिए भी गौरव का विषय बताया गया।

