घर के आंगन में कुछ देर पहले तक गूंज रही थी किलकारियां, अचानक पसरा मातम; राजापारा की घटना से परिवार सदमे में
डौंडीलोहारा (बालोद)। बालोद जिले के डौंडीलोहारा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी और इसी दौरान पानी से भरे टब में गिर गई। परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई, तब तक बच्ची की हालत गंभीर हो चुकी थी। उसे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना नगर पंचायत डौंडीलोहारा के राजापारा की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक बच्ची के पिता लक्की ठाकुर किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर में बच्ची की मां, दादी, बड़ी मम्मी सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान बच्ची आंगन में खेल रही थी और खेलते-खेलते पानी से भरे टब में गिर गई।
परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे, जिसके चलते कुछ समय तक किसी का ध्यान बच्ची की ओर नहीं गया। बाद में जब परिजनों की नजर टब पर पड़ी तो बच्ची को बाहर निकाला गया और आनन-फानन में डौंडीलोहारा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्ची की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। माता-पिता सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

