कुर्मी भवन में आयोजित विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम में शताब्दी पांडे, पद्मश्री डोमार सिंह कुंवर सहित वक्ताओं ने रखे विचार; राष्ट्रीय एकता, निर्वाचन प्रक्रिया और संवैधानिक मर्यादाओं पर हुआ संवाद
बालोद। लोकतंत्र की मजबूती, मतदाता सूची की शुद्धता और राष्ट्रीय एकता जैसे मुद्दों पर गुरुवार को बालोद के कुर्मी भवन में आयोजित ‘राष्ट्र चेतना संवाद’ में चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ राज्य पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता और लोकतांत्रिक परंपराएं देश की ताकत हैं। उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार का संचालन सड़क के दबाव से नहीं, बल्कि संवैधानिक व्यवस्था और संसदीय परंपराओं के अनुरूप होता है।
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व, भाजपा छत्तीसगढ़ और लोक जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता भगाओ’ के तहत संजारी-बालोद विधानसभा स्तरीय इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, राष्ट्रीय चेतना और लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श हुआ।
नीलू शर्मा बोले—संवैधानिक मर्यादाओं से चलती है लोकतांत्रिक व्यवस्था
मुख्य वक्ता नीलू शर्मा ने कहा कि भारत में संविधान सर्वोपरि है और लोकतांत्रिक व्यवस्था संवैधानिक मूल्यों एवं संसदीय परंपराओं के अनुरूप संचालित होती है। उन्होंने संसद को लोकतांत्रिक विमर्श का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संस्थाओं के प्रति सम्मान और जनता का विश्वास जरूरी है।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया, मतदाता सूची की शुद्धता और निर्वाचन व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी विचार रखे। शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकों का भी दायित्व है। कार्यक्रम में उन्होंने उपस्थित लोगों के सवालों के जवाब भी दिए।
शताब्दी पांडे ने मतदाता सूची के अद्यतन को बताया जरूरी
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पांडे ने निर्वाचन आयोग की भूमिका, संस्थागत निष्पक्षता और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की आवश्यकता पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का नियमित अद्यतन और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता लोकतंत्र की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक हैं।
‘भारत महतारी, मैं तोला बंदव दाई’ की प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम में पद्मश्री डोमार सिंह कुंवर ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति ‘भारत महतारी, मैं तोला बंदव दाई’ से उपस्थित लोगों को भावविभोर किया। उनकी प्रस्तुति में मातृभूमि के प्रति समर्पण और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष सुनील सोनी, शिक्षाविद् सुरेंद्र ताम्रकार और पुरुषोत्तम देशमुख ने भी लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रीय दायित्वों से जुड़े विषयों पर विचार व्यक्त किए।
चेमन देशमुख और पवन साहू ने भी रखे विचार
भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने भारतीय लोकतंत्र के समक्ष कथित चुनौतियों और राजनीतिक गतिविधियों पर अपना विश्लेषण प्रस्तुत किया। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों से जागरूक और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पवन साहू ने बांग्लादेश और नेपाल सहित अन्य देशों के राजनीतिक घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए राष्ट्रीय अस्मिता, सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक परंपराओं पर विचार रखे। वहीं, कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं वरिष्ठ साहित्यकार जगदीश देशमुख ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, विरोध प्रदर्शनों और अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक घटनाक्रमों के संदर्भ में अपनी बात रखी। उन्होंने विपक्ष की राजनीतिक गतिविधियों की आलोचना भी की।
रामचरितमानस और हनुमान चालीसा भेंटकर किया स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। जिला संयोजक जगदीश देशमुख ने अतिथियों को रामचरितमानस भेंटकर स्वागत किया और उपस्थित प्रबुद्धजनों का हनुमान चालीसा भेंटकर अभिनंदन किया।
संवाद में साहित्यकारों, कवियों, लेखकों, प्राध्यापकों, चिकित्सकों, इंजीनियरों, समाजसेवियों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर नीतू सोनवानी, अनीता साहू, संगीता बाला शर्मा, सेवंत साहू, नारायण टुवानी, वैभव साहू, सोमेश यादव, डॉ. लक्ष्मण उमरे, गोपाल मानिकपुरी, बी.आर. बेलसर, आर.के. वर्मा, एजाज खान, निशा योगी, जितेंद्र साहू, ललिता पिमन साहू, अरुण साहू, धर्मेंद्र साहू, सुरेंद्र देशमुख, करुणा कश्यप, अमिता चोपड़ा और संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सुरेंद्र देशमुख ने आभार व्यक्त किया। संचालन बंशीलाल साहू ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


