राजीव भवन में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन, सत्य-अहिंसा और सादगी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान

Darshan Balod
0

 



बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती तथा विश्व अहिंसा दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा राजीव भवन में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक नहीं थे, बल्कि सत्य, अहिंसा, सामाजिक न्याय, सद्भाव और मानवता के प्रतीक भी थे। उन्होंने सत्याग्रह और अहिंसक संघर्ष के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनजागरण किया तथा करोड़ों भारतीयों में स्वतंत्रता की चेतना जगाई। उनके विचार आज भी पूरी दुनिया का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद शहर के अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू ने कहा कि गांधीजी ने राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ-साथ छुआछूत, भेदभाव, गरीबी और सामाजिक असमानता के खिलाफ भी संघर्ष किया। ग्राम स्वराज, स्वावलंबन, खादी, स्वदेशी और सर्वधर्म समभाव के उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव और अहिंसा के संदेश को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा ने भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री को सादगी, ईमानदारी, नैतिकता और राष्ट्रसेवा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी ने अपने कार्यकाल में देश को आत्मनिर्भरता, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। वर्ष 1965 के कठिन दौर में उनके नेतृत्व ने देशवासियों में आत्मविश्वास जगाया। उनका नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी देश के सैनिकों और किसानों के सम्मान का प्रतीक है।

बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद

श्रद्धांजलि सभा में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रामजी भाई पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, प्रवक्ता यज्ञदेव पटेल, जिला पंचायत सदस्य मिथलेश निरोटी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अनिल यादव, विधायक प्रतिनिधि कमलेश श्रीवास्तव, पार्षद सुमित शर्मा, रोहित सागर, हंसमुख टुवानी, दाऊद खान, सत्यम जैन, रविशंकर कोटेद्र, सुखसागर निषाद, शिव जायसवाल, उदयराम अलेंद्र, मनोज ठाकुर, टेमन साहू, गजेन्द्र ठाकुर, मोतीलाल चुरेंद्र, कामता प्रसाद देवांगन, जगन लाल बोधेलकर, वैभव शर्मा, किशनलाल साहू, मनोज साहू और सुनील मंडावी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top