धमतरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को जिला अस्पताल धमतरी परिसर में स्वच्छता एवं नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। सुबह 7 से 9 बजे तक चले इस अभियान में जय छत्तीसगढ़ महतारी महिला सेवा संस्थान, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, एक्जेक्ट फाउंडेशन, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा जिला अस्पताल के डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई। इसके बाद अस्पताल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों की सफाई की गई। अभियान के दौरान मरीजों और उनके परिजनों सहित आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन ने उपस्थित लोगों को अस्पताल परिसर में गंदगी नहीं करने, स्वच्छता बनाए रखने और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
स्वच्छता को बनाया जाए नियमित जिम्मेदारी
जय छत्तीसगढ़ महतारी महिला सेवा संस्थान की मोहनी साहू ने कहा कि महात्मा गांधी स्वच्छता को स्वस्थ और बेहतर समाज की आधारशिला मानते थे। गांधी जयंती पर स्वच्छता के साथ नशामुक्ति का संदेश देना समाजहित में महत्वपूर्ण पहल है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के साथ स्वयं नशे से दूर रहकर दूसरों को भी प्रेरित करना चाहिए।
इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि नियमित जिम्मेदारी है। अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखना मरीजों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। इसी तरह नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
खिलेश्वर साहू ने कहा कि गांधी जयंती स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश देती है। नशामुक्त समाज और स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।
स्वास्थ्य और स्वच्छता का सीधा संबंध
सिविल सर्जन डॉ. आदित्य सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता और नशामुक्ति दोनों स्वस्थ जीवन से सीधे जुड़े हैं। जिला अस्पताल परिसर को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से अस्पताल परिसर में गंदगी नहीं करने और नशे से दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. आदित्य सिन्हा, शिवा प्रधान, खिलेश्वर साहू, मोहनी साहू, भारती साहू, भावना मरकाम, रितु प्रधान, मंजू टेमरे, भारती सोनी, लक्ष्मी सोनी, देवश्री जोशी, गायत्री नेताम, ईश्वरी सिन्हा, पद्मिनी यादव, गंगा सोनकर, कोमीन साहू, डॉ. भारती ठाकुर, कालिन्दी साहू, मेनका साहू, सौहद्ररी राठौर, सोनिया पाल, वार्ड बॉय हितेश, साक्षी, रंजना गोस्वामी सहित जिला अस्पताल के डॉक्टर, नर्सिंग एवं अन्य स्टाफ तथा मरीजों के परिजन उपस्थित रहे।
अभियान के माध्यम से गांधीजी के स्वच्छता, सेवा और नशामुक्त समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया।



