बालोद। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बालोद थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 66 पाव रोमियो देशी मदिरा प्लेन शराब और परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पहले मामले में 34 पाव शराब जब्त
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को जुर्म जरायम पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जामगांव भाटा स्थित खाद गोदाम के पास दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 0431 में बिक्री के लिए अवैध शराब रखे हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
इस दौरान सफेद प्लास्टिक बोरी में रखे 34 पाव रोमियो देशी मदिरा प्लेन शराब, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 6.120 बल्क लीटर, कीमत 2,720 रुपये, बरामद की गई। शराब परिवहन में प्रयुक्त हीरो होंडा मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है, भी जब्त की गई। इस मामले में कुल जब्त मशरूका की कीमत 17,720 रुपये है।
पुलिस ने मामले में भूपेश कुमार ठाकुर (30), निवासी करहीभदर और वेदुराम नेताम उर्फ कृष्ण कुमार (55), निवासी करहीभदर को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 516/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरे मामले में 32 पाव शराब पकड़ी
दूसरे मामले में 1 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जामगांव से करहीभदर की ओर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 19 BJ 9283 में बिक्री के लिए अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने करहीभदर एवं आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से सफेद प्लास्टिक बोरी में रखे 32 पाव रोमियो देशी मदिरा प्लेन शराब, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 5.760 बल्क लीटर, कीमत 2,560 रुपये, बरामद की गई। शराब परिवहन में प्रयुक्त हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये, भी जब्त की गई। कुल जब्त मशरूका की कीमत 32,560 रुपये बताई गई है।
इस मामले में महेन्द्र कुमार नेताम (32) और डायमन कुमार साहू (33), दोनों निवासी करहीभदर, को गिरफ्तार किया गया। अपराध क्रमांक 517/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
बालोद पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात भी पुलिस ने कही है।



