बंजारी धाम जुंगेरा में लोक कलाकार कल्याण संघ की बैठक, संगठन विस्तार और कलाकारों के हितों पर हुई चर्चा

Darshan Balod
0

 




विशिष्ट कलाकारों का शॉल-श्रीफल और पुष्पगुच्छ से सम्मान, अगली बैठक 24 अक्टूबर को होगी

डौंडीलोहारा। लोक कलाकार कल्याण संघ जिला बालोद की महत्वपूर्ण बैठक 10 अक्टूबर 2026, शनिवार को बंजारी धाम जुंगेरा स्थित मां जुंगेरहीन माता मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पदाधिकारियों और लोक कलाकारों ने हिस्सा लिया। इस दौरान संगठन के विस्तार, लोक कला के संरक्षण और कलाकारों के हितों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत मां जुंगेरहीन माता की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद बैठक की कार्यवाही प्रारंभ की गई। बैठक की अध्यक्षता नाचा कलाकार कार्तिकराम साहू, तवेरा ने की। उपस्थित पदाधिकारियों और कलाकारों ने लोक कला एवं कलाकारों के सम्मान को बनाए रखने तथा संगठन को मजबूत बनाने पर अपने विचार रखे।

बैठक में जिला अध्यक्ष नरेश रजक, द्वारिका प्रसाद कश्यप, मुरली साहू, ओमप्रकाश यादव, मधु यादव, पुरन महादेवा, लीलाधर ढाले, मोहनी देवांगन, हर्षिता कोठारी और खुमेश मानिकपुरी सहित जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोक कलाकार उपस्थित रहे।

हर ब्लॉक और गांव तक कलाकारों को जोड़ने पर जोर

बैठक में संगठन का विस्तार करने और कलाकारों के हित में निरंतर कार्य करने पर विशेष चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि लोक कला हमारी सांस्कृतिक धरोहर है और लोक कलाकार इस विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संगठन का उद्देश्य कलाकारों को सम्मान दिलाना, उनके हितों की रक्षा करना और लोक संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। इसके लिए जिले के प्रत्येक ब्लॉक और गांव के कलाकारों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर विशिष्ट कलाकारों का शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया गया। सम्मान के माध्यम से कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए लोक कला के क्षेत्र में उनके योगदान को सराहा गया।

विष्णु कोठारी ने दिया एकता का संदेश

छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गीतकार, लोक गायक एवं संगीतकार विष्णु कोठारी, मीत फिरतुटोला ने भी बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कलाकार समाज की धरोहर हैं। सभी कलाकारों को आपसी एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना बनाए रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए, ताकि लोक कला और कलाकारों को उचित पहचान मिल सके।

बैठक की व्यवस्था में मंदिर समिति और श्री दुर्जन साहू तथा तामेश्वर कौशल सर का विशेष सहयोग रहा। उपस्थित सदस्यों ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक के अंत में आगामी विशेष बैठक 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को आयोजित करने का निर्णय लिया गया। संगठन ने बालोद जिले के सभी लोक कलाकारों से अगली बैठक में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

नेमन साहू, रेंगाडबरी

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top