बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत राजीव भवन बालोद में पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता, पारदर्शिता एवं चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।
जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि हालिया घटनाक्रमों और सार्वजनिक रूप से सामने आई विभिन्न रिपोर्टों के कारण चुनाव आयोग की स्वतंत्रता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची, नाम जोड़ने एवं हटाने की प्रक्रिया, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, ईवीएम की विश्वसनीयता तथा चुनावी पारदर्शिता जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है।
हिरवानी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जिससे पात्र नागरिकों के मताधिकार प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी तरह के संशोधन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए तथा पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14 में निहित समानता तथा अनुच्छेद 326 के तहत सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों में संवैधानिक मूल्यों का पालन आवश्यक है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग
संजारी बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र की आत्मा नागरिकों के मताधिकार में निहित है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की विश्वसनीयता को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है।
उन्होंने कांग्रेस की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई। साथ ही चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े विवादों की निष्पक्ष जांच कराने, मतदाता सूची से हटाए गए नामों की समीक्षा करने तथा पात्र मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
संगीता सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और नागरिकों के मतदान अधिकारों से जुड़े मुद्दों को संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक मंचों पर उठाती रहेगी।
कांग्रेस नेताओं ने उठाए कई सवाल
पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने SIR प्रक्रिया, मतदाता सूची में संशोधन, नाम जोड़ने एवं हटाने की प्रक्रिया तथा चुनावी पारदर्शिता को लेकर अपनी आपत्तियां रखीं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और उसकी कार्यप्रणाली को लेकर जनता का विश्वास कायम रहना जरूरी है।
वहीं निर्वाचन आयोग की आधिकारिक व्यवस्था के अनुसार SIR से संबंधित मतदाता सेवाओं में नाम खोजने, दस्तावेज जमा करने, दावे-आपत्तियां दर्ज करने तथा अपील की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
पत्रकारवार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रामजी भाई पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, महामंत्री शंभू साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद शहर के अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, वैभव शर्मा, कमल टुवानी, देवेंद्र साहू, सुनील मंडावी सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


