दीपावली पर बालोद के सदर बाजार में चारपहिया वाहनों की नो एंट्री, सुबह 10:30 से रात 8:30 बजे तक प्रतिबंध

Madhu Sahu Desk Incharge
0









त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने पुलिस ने संभाला मोर्चा, सात प्रमुख स्थानों पर रहेगी यातायात पुलिस की तैनाती; नो पार्किंग में वाहन खड़े किए तो कटेगा ई-चालान


बालोद। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए बालोद पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। शहर के सबसे व्यस्त सदर बाजार मार्ग में सुबह 10:30 बजे से रात 8:30 बजे तक चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा घड़ी चौक से सदर बाजार, बुधवारी बाजार एवं मधु चौक सहित प्रमुख व्यस्त मार्गों पर निर्धारित समय में मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी। नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रुति सिंह के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बालोद विनय कुमार और यातायात प्रभारी निरीक्षक नवीन बोरकर के नेतृत्व में यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यातायात पुलिस एवं सिटी कोतवाली पुलिस की टीमें शहर में लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। सदर बाजार सहित प्रमुख व्यस्त मार्गों के प्रवेश द्वारों पर पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।


बैठक में लिया गया फैसला, व्यस्त मार्गों पर मालवाहक वाहनों की नो एंट्री


यातायात कार्यालय बालोद में 4 नवंबर को व्यापारी संघ एवं दुकानदारों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में शहर के व्यस्ततम मार्गों घड़ी चौक से सदर बाजार, बुधवारी बाजार एवं मधु चौक में सुबह 10:30 बजे से रात 8:30 बजे तक मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। साथ ही सदर बाजार क्षेत्र में चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित की गई है।

पार्किंग के लिए चार स्थान निर्धारित


बाजार पहुंचने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए सी-मार्ट, बाल मंदिर स्कूल, कन्या शाला स्कूल एवं पुराना नगर पालिका परिसर को दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए चिन्हांकित किया गया है। वहीं घड़ी चौक, क्लाडियस क्लीनिक के पास, गणेश पाव भाजी दुकान के पास, बुधवारी बाजार, हलधर चौक, मधु चौक और जयस्तंभ चौक सहित प्रमुख स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती की जा रही है।


पुलिस द्वारा नो पार्किंग क्षेत्र में अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ लगातार ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति रोकना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।


दुकानों के सामने सामान फैलाने पर भी रहेगी नजर


पुलिस एवं जिला प्रशासन ने व्यापारियों और दुकानदारों से दुकानों के सामने अनधिकृत रूप से सामान फैलाकर व्यवसाय नहीं करने तथा ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रखने की अपील की है। वाहन चालकों से भी निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने कहा गया है।


इसके साथ ही नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने की अपील की गई है। पुलिस ने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने की समझाइश भी दी है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने तथा संयमित गति से वाहन चलाने की हिदायत दी गई है।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top