गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष पर गुरेदा स्कूल में राष्ट्रीय स्तर का आयोजन, 350 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

Madhu Sahu Desk Incharge
0







निबंध, भाषण, चित्रकला और लिखित परीक्षा प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, अतिथियों ने गुरु साहिब के त्याग, बलिदान और मानव कल्याण के संदेश से कराया परिचित


बालोद। गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष के अवसर पर 3 नवंबर को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल गुरेदा में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (सीसीआरटी), नई दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर के लगभग 350 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए गुरु तेग बहादुर जी के जीवन एवं योगदान पर आधारित निबंध, भाषण, चित्रकला और लिखित परीक्षा प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती श्रद्धा ठाकुर उपस्थित रहीं। वहीं विशेष अतिथि के रूप में भिलाई से पहुंचे सुरेंद्र पाल सिंह, बलजीत सिंह एवं अमनजीत सिंह ने विद्यार्थियों को गुरु तेग बहादुर जी के देशप्रेम, मानव कल्याण और समाज सेवा के लिए किए गए त्याग एवं बलिदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरु साहिब ने मानव कल्याण और सत्य धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके जीवन से हमें मानवता, साहस, त्याग और सेवा की प्रेरणा मिलती है।


विद्यालय के प्राचार्य बी.के. मेश्राम ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य गुरु साहिब के कार्यों एवं समर्पण की भावना को विद्यार्थियों तक पहुंचाना और उन्हें मानव कल्याण के लिए प्रेरित करना है। इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के लिए गौरव की बात है।






कार्यक्रम प्रभारी एवं डीआरपी बालोद श्री युगल देवांगन ने बताया कि संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा यह कार्यक्रम देशभर के 250 विद्यालयों में आयोजित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के पांच विद्यालयों में भी इसका आयोजन होना है, जिनमें बालोद जिले के विद्यालय शामिल हैं।


इस अवसर पर सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष ग्राम गुरेदा कमलेश पांडे, प्रधान पाठक श्रीमती पटेल, प्रधान पाठक धनेस साहू सहित शिक्षक विवेक चंद्राकर, चिमनलाल साहू, नंदकिशोर साहू, प्रमोद साहू, छाया मिश्रा, पुष्पा मंड्रिक एवं श्वेता देवांगन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 350 विद्यार्थियों की सहभागिता रही।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top