शिव मंदिर के पास आधी रात को सज रही थी जुए की महफिल! पुलिस की दबिश में 5 जुआरी गिरफ्तार

Madhu Sahu Desk Incharge
0






बिजली की रोशनी में 52 पत्ती ताश से लगा रहे थे हार-जीत का दांव, मौके से 6,010 रुपये नकद और ताश की गड्डी जब्त

बालोद। जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुरूर पुलिस ने ग्राम भेजा मैदानी स्थित शिव मंदिर के पास दबिश देकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से 6,010 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

मुखबिर की सूचना पर शिव मंदिर के पास पुलिस की रेड

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरूर माया शर्मा के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी पुरूर निरीक्षक जन्मेजय पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

4 नवंबर 2026 को पुरूर पुलिस की टीम क्षेत्र में जुआ रेड कार्रवाई के लिए भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान ग्राम कनेरी में मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भेजा मैदानी स्थित शिव मंदिर के पास बिजली की रोशनी में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद गवाहों को घटना की जानकारी देकर धारा 179 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया और उन्हें साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भाग गए, जबकि पांच लोगों को पकड़ लिया गया।

पांचों आरोपियों से 6,010 रुपये और ताश की 52 पत्ती बरामद

पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम दिलीप कुमार साहू, प्रवीण कुमार ठाकुर, धनेश राम साहू, ओमप्रकाश साहू एवं जितेन्द्र कुमार नेताम बताया। आरोपियों की तलाशी और जुआ फड़ से कुल 6,010 रुपये नगद तथा ताश की 52 पत्तियां बरामद की गईं। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपियों में सभी भेजा मैदानी गांव के निवासी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दिलीप कुमार साहू पिता घासू राम साहू, उम्र 40 वर्ष; प्रवीण कुमार ठाकुर पिता घनाराम ठाकुर, उम्र 32 वर्ष; धनेश राम साहू पिता रामचरण साहू, उम्र 42 वर्ष; ओमप्रकाश साहू पिता संतराम साहू, उम्र 25 वर्ष तथा जितेन्द्र कुमार नेताम पिता कलेश्वर नेताम, उम्र 33 वर्ष शामिल हैं। सभी ग्राम भेजा मैदानी, थाना पुरूर, जिला बालोद के निवासी हैं।

आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी का कारण बताने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। अपराध जमानतीय होने और सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर सभी को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top