धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग, कोसरिया यादव समाज के अध्यक्ष दुखुराम यादव के नेतृत्व में समाजजनों ने पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपा ज्ञापन
अर्जुन्दा। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पं. धीरेंद्र शास्त्री द्वारा यादव समाज के आराध्य देव भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कथित अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के विरोध में यादव समाज ने नाराजगी जताई है। गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को कोसरिया यादव समाज सर्किल गौरय्या चौरेल के अध्यक्ष दुखुराम यादव के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने थाना अर्जुन्दा पहुंचकर पुलिस अधीक्षक बालोद के नाम ज्ञापन सौंपा। समाजजनों ने संबंधित कथावाचक के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
धार्मिक भावनाएं आहत होने का जताया विरोध
ज्ञापन में समाजजनों ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण यादव समाज के आराध्य देव और आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। उनके प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। समाज के लोगों ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि किसी भी सार्वजनिक मंच से किसी समाज के आराध्य देव, धार्मिक आस्था और भावनाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए। इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका रहती है। यादव समाज ने प्रशासन से मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर उचित कदम उठाने की मांग की।
समाज के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान सचिव मनोज कुमार यादव, राम खिलन यादव, पुसू राम, फलेंद्र यादव, यामिनी यादव (सर्किल युवा प्रकोष्ठ), गीतांजलि यादव, सुनील यादव (परिक्षेत्र अध्यक्ष परना) एवं मूलचंद यादव (परिक्षेत्र अध्यक्ष कांदुल) सहित समाज के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान समाजजनों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के सम्मान और समाज की धार्मिक भावनाओं की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद की।
