पुराने मोबाइल-चार्जर से पर्यावरण को बचाने आगे आए स्कूली बच्चे! खेरथा बाजार में विद्यार्थियों ने जुटाया 10 किलो ई कचरा

Madhu Sahu Desk Incharge
0






ई-कचरे के खतरों से रूबरू हुए विद्यार्थी, 4-बिन प्रणाली का किया प्रदर्शन; पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


खेरथा बाजार, 3 नवंबर 2026। घरों में बेकार पड़े पुराने मोबाइल, चार्जर, बैटरी और केबल को अक्सर लोग सामान्य कचरे में फेंक देते हैं, लेकिन यही लापरवाही पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसी खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खेरथा बाजार में युवा एवं इको क्लब के तत्वावधान में ई-कचरा जागरूकता कार्यशाला एवं संग्रह अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने घरों से पुराने मोबाइल, बैटरी, चार्जर और केबल लाकर कुल 10 किलोग्राम ई-कचरा एकत्रित किया।


Mission LiFE - Special Campaign के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का मार्गदर्शन नवाचारी व्याख्याता मोहम्मद आसीफ ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य एन.एस. मानकर ने की। प्रमुख वक्ता के रूप में संस्कृत व्याख्याता श्रीमती वीणा ऊके तथा मुख्य वक्ता के रूप में सुश्री एन. राणा उपस्थित रहीं। मंच संचालन युवा एवं इको क्लब प्रभारी व्याख्याता मोहम्मद आसीफ ने किया।


### चार रंगों के डस्टबिन से समझाया कचरा प्रबंधन का तरीका


कार्यक्रम में मोहम्मद आसीफ ने ई-कचरे की पहचान, उसके खतरों और सामान्य कचरे से अलग रखने की आवश्यकता पर जानकारी दी। वहीं कक्षा 12वीं वाणिज्य के विद्यार्थियों ने 4-बिन प्रणाली का प्रदर्शन कर बताया कि हरे डस्टबिन में जैविक कचरा, नीले में सामान्य एवं रिसाइकल योग्य कचरा, लाल में चिकित्सीय कचरा और काले डस्टबिन में ई-कचरा रखा जाता है।


प्राचार्य एन.एस. मानकर ने कहा कि आज लगभग हर घर में पुराने मोबाइल, चार्जर और बैटरियां अनुपयोगी अवस्था में पड़ी रहती हैं। लोग इन्हें सामान्य कचरे में फेंक देते हैं, जिससे मिट्टी और पानी प्रदूषित होते हैं। उन्होंने कार्यशाला को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यालय में ऐसे आयोजन आगे भी जारी रखने की बात कही।


### ई-कचरे में छिपे जहरीले तत्व, पुनर्चक्रण से मिलती हैं कीमती धातुएं


मुख्य वक्ता सुश्री एन. राणा ने ई-कचरा प्रबंधन के लाभ और नुकसान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ई-कचरे में सीसा, पारा और कैडमियम जैसे जहरीले तत्व हो सकते हैं, जो मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हैं। वहीं उचित तरीके से पुनर्चक्रण करने पर इससे सोना, चांदी और तांबा जैसी मूल्यवान धातुएं प्राप्त की जा सकती हैं। इससे पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।


प्रमुख वक्ता श्रीमती वीणा ऊके ने ई-कचरे के संग्रहण एवं पुनर्चक्रण की प्रक्रिया समझाते हुए कहा कि हर घर से अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को एकत्रित कर सुरक्षित संग्रहण की व्यवस्था करना आज की बड़ी जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर के साथ-साथ पड़ोस के घरों से भी ई-कचरा लाकर विद्यालय के संग्रहण केंद्र में जमा करने का आह्वान किया।


व्याख्याता वीर साहू ने ई-कचरे की रासायनिक क्रियाओं से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी।


### पोस्टर-स्लोगन प्रतियोगिता में दिखा उत्साह, 10 किलो ई-कचरा हुआ जमा


कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने पोस्टर निर्माण एवं स्लोगन प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। E-Waste Warriors के रूप में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने कचरे के पृथक्करण का जीवंत प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने घरों से पुराने मोबाइल, बैटरी, चार्जर, केबल सहित अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री लाकर कांटे पर तौलकर जमा की। इस अभियान में कुल 10 किलोग्राम ई-कचरा एकत्रित हुआ।


### गांव-गांव जागरूकता फैलाने का लिया संकल्प


अंत में मोहम्मद आसीफ ने गांव-गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर समाज को ई-कचरे के सुरक्षित प्रबंधन के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ई-कचरा प्रबंधन की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे ई-कचरे को सामान्य कचरे में नहीं मिलाएंगे और उसे सुरक्षित संग्रहण केंद्र तक पहुंचाएंगे।


इस अवसर पर श्रीमती एस. बैनर्जी, श्री वीर साहू, श्री डी. सोनकर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top