वर्ष 2016-17 से विद्युत देयक नहीं पटाने के शासनादेश के बावजूद पंचायतों पर थोपे जा रहे पुराने बकाया का मुद्दा उठा; कई पंचायतों पर 10 लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल, शासन स्तर पर समाधान कराने की मांग
बालोद, 3 नवंबर। ग्राम पंचायतों में बिजली बिल के बढ़ते बकाया और नल-जल योजना सहित स्ट्रीट लाइट के विद्युत कनेक्शन काटे जाने की समस्या अब गंभीर होती जा रही है। इस समस्या को लेकर जिला सरपंच संघ के प्रतिनिधिमंडल ने 3 नवंबर को छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पंचायतों की आर्थिक स्थिति और ग्रामीणों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए शासन स्तर पर पहल कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
### 10 लाख से अधिक का बिजली बिल, पंचायतों के लिए भुगतान करना मुश्किल
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि राज्य शासन के आदेश के तहत वर्ष 2016-17 से विद्युत देयक नहीं पटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद उक्त आदेश की अवहेलना करते हुए ग्राम पंचायतों के नल-जल कनेक्शन और स्ट्रीट लाइट के विद्युत कनेक्शन काटे जा रहे हैं। साथ ही वर्ष 2016-17 से पुराने बकाया की मूल राशि में भी कटौती की जा रही है।
सरपंच संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में कई ग्राम पंचायतों का विद्युत देयक 10 लाख रुपये से अधिक हो चुका है। इतनी बड़ी राशि का भुगतान करना किसी भी ग्राम पंचायत के लिए संभव नहीं है। यदि इस समस्या का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति और सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
### शासन स्तर पर पहल कर समाधान कराने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक संगीता सिन्हा से आग्रह किया कि पंचायतों की इस गंभीर समस्या को शासन स्तर पर उठाया जाए और पुराने विद्युत बकाया एवं कनेक्शन काटे जाने के मामले में उचित पहल कर राहत दिलाई जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट की सुविधा सुचारू रूप से संचालित हो सके।
इस अवसर पर जिला सरपंच संघ अध्यक्ष क्रांति भूषण साहू, गुंडरदेही ब्लॉक अध्यक्ष लेखराम साहू, टोमन लाल साहू, खोमन लाल सिन्हा, छगन साहू एवं भगवान सिंह मैचुरिया उपस्थित रहे।
