शाम 5 बजे से शुरू होगा जिला स्तरीय समारोह, सांसद भोजराज नाग होंगे मुख्य अतिथि; लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ लगेगी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी
बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बालोद में आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा 2 नवंबर को स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में शाम 5 बजे से भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शासन की योजनाओं और जिले के विकास कार्यों की झलक भी देखने को मिलेगी।
कलेक्टर के निर्देश पर तैयारियां पूरी, अधिकारी कर रहे व्यवस्थाओं की निगरानी
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार राज्योत्सव के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण और सतत निगरानी कर रहे हैं।
सांसद भोजराज नाग होंगे मुख्य अतिथि, जिले के जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी
जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में डौण्डीलोहारा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया, संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष श्री यज्ञदत्त शर्मा, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन श्री तोमन साहू तथा जनपद पंचायत बालोद की अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया उपस्थित रहेंगी।
इसके अलावा जिला पंचायत बालोद और जनपद पंचायत बालोद के समस्त सदस्यगण तथा नगर पालिका परिषद बालोद के सभी पार्षदगण भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कविता वासनिक की ‘अनुराग धारा’ बांधेगी समां, लोकगीतों से गूंजेगा समारोह स्थल
राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और संस्कृति का रंगारंग संगम देखने को मिलेगा। प्रसिद्ध लोक गायिका श्रीमती कविता वासनिक द्वारा संचालित विख्यात लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘अनुराग धारा’ की मनमोहक एवं भव्य प्रस्तुति दी जाएगी।
इसके साथ ही लोक कलाकारों और छात्र-छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ की विभिन्न लोक विधाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
विकास प्रदर्शनी में दिखेगी सरकारी योजनाओं और जिले की उपलब्धियों की तस्वीर
समारोह स्थल पर शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, उपलब्धियों और जिले में हुए विकास कार्यों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी भी मिलेगी।
जिला प्रशासन की नागरिकों से अपील—अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें
जिला प्रशासन बालोद ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे 2 नवंबर को शाम 5 बजे स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम पहुंचकर राज्योत्सव समारोह में सहभागी बनें और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विकास प्रदर्शनी का आनंद लें।
कार्यक्रम स्थल: स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम, बालोद
दिनांक: 2 नवंबर 2026
समय: शाम 5 बजे से

