‘छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना–2026’ पर आज से शुरू हुई सुझाव प्रक्रिया, मीडियाकर्मी ईमेल के जरिए दे सकेंगे अपनी राय
बालोद, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में कार्यरत मीडिया कर्मियों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य शासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके लिए ‘छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना–2026’ का प्रारूप तैयार किया गया है। शासन ने योजना को प्रभावी बनाने और इसके क्रियान्वयन से जुड़े सुझाव आमंत्रित किए हैं।
एक महीने का मौका! 1 से 30 नवंबर तक भेज सकेंगे सुझाव
योजना के प्रारूप और इसके क्रियान्वयन के संबंध में मीडिया कर्मी 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक अपने सुझाव भेज सकेंगे। इसके लिए एक माह की अवधि निर्धारित की गई है, ताकि मीडियाकर्मी योजना को लेकर अपनी राय और उपयोगी सुझाव शासन तक पहुंचा सकें।
जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है योजना का प्रारूप
तैयार योजना प्रारूप को जनसंपर्क विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.dprcg.gov.in पर प्रकाशित किया गया है। मीडिया कर्मी वेबसाइट पर प्रारूप का अवलोकन कर उसके प्रावधानों और क्रियान्वयन से संबंधित सुझाव दे सकते हैं।
इस ईमेल पर भेजें अपनी राय
योजना के संबंध में सुझाव देने के इच्छुक मीडियाकर्मी अपनी राय और सुझाव निर्धारित अवधि में इस ईमेल पते पर भेज सकते हैं—
ईमेल: chhattisgarhmediakarmi@gmail.com
मीडिया कर्मियों के लिए स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा सुरक्षा की इस पहल को उपयोगी बनाने के लिए शासन ने उनसे योजना के प्रारूप पर सक्रिय रूप से सुझाव देने की अपील की है।
